






लोक समता समिति ने सीएम को पत्र लिखकर ट्रोमा सेंटर निर्माण की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लोक समता समिति के महासचिव, नागरिक विकास परिषद के अध्यक्ष और क्षेत्र के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता तुलसीराम चौरड़िया ने सीएम भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए शीघ्र निर्माण शुरू करवाने की मांग की। चौरड़ियों ने पत्र में कहा कि सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र में ट्रोमा सेंटर निर्माण करवा जनकल्याणकारी सरकार होने का दायित्व निभाए। उन्होंने गुसाईंसर बड़ा में सीएम द्वारा की गई घोषणा की याद दिलाते हुए इस कार्य को प्राथमिकता देने की गुजारिश की है।
लखासर भैरूं धोरा मंदिर में यात्रियों को मिलेगा ठंडा पेयजल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बस्बे के आड़सर बास में स्थित दर्शनीय स्थल लखासर भैंरू धोरा मंदिर प्रांगण में अब यात्रियों को ठंडा पेयजल मिल सकेगा। आपणो गांव सेवा समिति द्वारा यहां नि:शुल्क मटकी स्टेंड व मटकियों में ठंडे पानी का प्रबंध किया है। रविवार को नई मटकियां भरकर इसे शुरू कर दिया गया है। मंदिर समिति ने समिति का आभार जताया।

सम्यक दर्शन कार्यशाला में तेरापंथ दर्शन पुस्तक का विमोचन किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेरापंथ युवक परिषद के बैनर तले सेवाकेंद्र में रविवार को सम्यक दर्शन कार्यशाला 2026 का आयोजन किया गया। कार्यशाला में तेरापंथ दर्शन पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में सेवाकेंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभाजी ने तेरापंथ दर्शन के चिंतन को व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक दिशा देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि ये आत्मकल्याण और व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम है। साध्वीजी ने सभी प्रतिभागियों को नियमित स्वाध्याय करने की प्रेरणा दी। वक्ताओं ने 6 सितंबर को ऑनलाइन परीक्षा के आयोजन व निर्धारित पाठ्यक्रम की ऑनलाइन कक्षाओं की जानकारी दी। वहीं पुस्तक प्राप्त करने के लिए 8505959787 पर संपर्क करने की बात कही। इस अवसर पर समण संस्कृति संकाय प्रभारी पवन बरड़िया, क्षेत्रीय प्रभारी मधु झाबक, तेयुप मंत्री पीयूष बोथरा, सहमंत्री सुमित बरड़िया शामिल रहें।









