




1- कृष्ण जन्मोत्सव की बधाइयां बांटी, जयकारों से गूंज उठा पांडाल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अगस्त 2026। गांव रीड़ी के खियाणी बास में शिव मंदिर परिसर में संगीतमय भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में आज पांचवे दिन कथावाचक रामप्रसाद शास्त्री ने भगवान की महिमा, धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया। कथा वाचक ने विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सत्य, सदाचार, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कथा के दौरान शुक्रवार को धूमधाम से कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कथावाचक ने कृष्ण जन्म की घोषणा की तो पांडाल जय कन्हैया लाल की, के जयकारों से गूंज उठा। पांडाल को गुब्बारों से सजाया गया व कृष्ण जन्म की बधाइयां बांटी गई। थाली बजाते हुए श्रद्धालु लाला के जन्म पर जमकर झूमे और उत्सव मनाया। कृष्ण जन्म की सुदंर झांकी सजाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु कथा में शामिल हुए।

2- सोशल मीडिया पर पोस्ट देखकर दानदाता ने अस्पताल को भेंट किए पंखे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ ग्रुप के राजेंद्र स्वामी ने अपने पेज पर सरकारी अस्पताल में पंखों की आवश्यकता को लेकर पोस्ट की। जिस पर त्वरित रिप्लाय करते हुए कस्बे के दानदाता मुन्नीराम पुत्र भंवरलाल बाना ने 2 नए दीवार पंखे लाकर अस्पताल प्रशासन को भेंट दिए। इस दौरान अस्पताल के डॉ. सुनील सहारण, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर रामाकांत शर्मा, रामनिवास गोदारा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने दानदाता का जनसेवार्थ किए गए इस कार्य के लिए आभार जताया।

3- डांगावास हत्याकांड संबंधी प्रदर्शन में श्रीडूंगरगढ़ से जयपुर पहुंचे भीम आर्मी के युवा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। डांगावास हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को जयपुर में हुए प्रदर्शन में, श्रीडूंगरगढ़ से भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे। जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने न्याय की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान नगीना सांसद एवं भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद, आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल धेनवाल तथा भीम आर्मी राजस्थान के प्रदेश संयोजक जितेन्द्र हटवाल ने डांगावास पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संबोधित किया। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ से भीम आर्मी भारत एकता मिशन के तहसील अध्यक्ष लालचन्द गोयल, लालासर ग्राम अध्यक्ष केवलचन्द, महासचिव ओमप्रकाश, सुनिल, पन्नाराम, राधे आजाद सहित करीब 15 से अधिक कार्यकर्ता जयपुर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हुए। गोयल ने कहा कि डांगावास हत्याकांड के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान की लड़ाई में भीम आर्मी भारत एकता मिशन पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।

कैबिनेट मंत्री सहित भाजपा नेता पहुंचे श्रीडूंगरगढ़, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाजपा के बीकानेर संभाग प्रभारी मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच एवं कैबिनेट मंत्री दिल्ली सरकार रविंद्र इंद्राज बीकानेर से बैठक लेकर जयपुर जाने के दौरान श्रीडूंगरगढ़ में रूके। इस दौरान भाजपा के प्रवासी युवा मुकेश जोशी, शहर महामंत्री मदन सोनी एवं शहर मंत्री महेंद्र पारीक ने उनका स्वागत किया। पदाधिकारियों के साथ आगामी नगर पालिका निकाय चुनाव को लेकर दिशा निर्देश दिए और भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने की बात कही।





