Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026
WhatsApp Image 2026-08-25 at 21.17.59
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

फॉलोअप शिविर में ग्राम पंचायत ने 10 पट्टे जारी किए, हुए कई काम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 25 अगस्त 2026। ग्राम पंचायत मोमासर में मंगलवार को ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण किया। शिविर में पंचायत द्वारा 10 पट्टे जारी किए गए। वहीं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने पालनहार योजना के तहत 2 नए आवेदन लिए, आयुर्वेद विभाग द्वारा 23 लोगों की जांच कर उपचार एवं परामर्श दिया गया, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी किए गए, आरजे फार्मर रजिस्ट्री के 15 नए पंजीकरण किए गए, पशुपालन विभाग की मंगला योजना के अंतर्गत 10 पशु बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं, किसानों को फसली ऋण के बारे में जानकारी दी गई, परिवहन विभाग ने 2 नए आई-कार्ड बनाए, व पूर्व में बने 28 कार्ड वितरित करने सहित अनेक कार्य संपन्न हुए। शिविर में राजस्व विभाग के गिरदावर रामनिवास पाण्डिया, पंचायतीराज विभाग के सहायक विकास अधिकारी रामदयाल जाखड़, ग्राम पंचायत प्रशासक सरिता देवी संचेती, जुगराज संचेती, छात्रावास अधीक्षक राकेश कुमार, पटवारी जयप्रकाश मीणा, ग्राम विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

बच्चों को पाठ्य सामग्री का वितरण कर सहीराम ने मनाया जन्मदिन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सामाजिक कार्यकर्ता सहीराम मेघवाल ने अपने 36वें जन्मदिवस के अवसर पर सरकारी स्कूल के बच्चों को पाठ्य सामग्री का वितरण कर मनाया। सिद्धि विनायक ई-मित्र, सिद्धि विनायक स्टोर एवं सिद्धि विनायक गारमेंट्स श्रीडूंगरगढ़ के संचालक सहीराम ने मंगलवार को अंबेडकर कॉलोनी स्थित राउप्रावि में नन्हें मुन्नों को पाठ्यसामग्री उपहार में दी। इस मौके पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रथम अशोक चुग ने दानदाता का आभार जताते हुए इस सेवाकार्य से जन्मदिन को सार्थक बनाने की बात कही। चुग ने कहा कि जरूरत मंद बच्चों के लिए शैक्षिक सामग्री का दान उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक होता है। संस्थाप्रधान भागीरथ बाना ने इसे प्रेरणीय बताया। इस दौरान केऊमल सुथार, मामराज मेघवाल, शाला का स्टाफ, सोहिल चुनगर, गजानंद, मनफूल उपस्थित रहें।

मोरवाल परिवार ने विद्यालय को भेंट किया कंप्यूटर सेट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मोमासर के मुख्य बाजार में स्थित राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय में मंगलवार को चुनाराम, श्रवण कुमार एवं सुरजाराम मोरवाल द्वारा विद्यालय को एक कंप्यूटर सेट दिया गया। संस्था प्रधान भिंयाराम जाखड़ ने दानदाता परिवार का आभार जताया व चुनाराम मोरवाल का सम्मान किया। जाखड़ ने कहा कि विद्या के मंदिर में दिया गया दान अनेक बच्चों के लिए उपयोगी साबित होता है। कार्यक्रम में दानदाता परिवार सहित केसराराम, भादरराम, गिरधारी जाखड़, रामूराम, अणुव्रत समिति मंत्री राकेश संचेती, मोनू स्वामी सहित विद्यालय स्टाफ व अनेक मौजिज लोग मौजूद रहें। विद्यालय के विनोद शर्मा, रामप्रताप, रिचा चुघ, हेताराम भामि एवं बसंत कुमार शर्मा सहित उपस्थित स्टाफ ने दानदाता के सहयोग की सराहना की।

नगरपालिका ने शहरी क्षेत्र में फोगिंग शुरू की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंगलवार शाम को नगरपालिका कर्मियों ने शहर की सड़कों पर फोगिंग शुरू की जिससे आमजन की मौसमी बीमारियों से सुरक्षा हो सकें। पालिका ईओ अभिषेक गहलोत ने बताया कि डेंगू, मलेरिया और चिकगुनिया जैसी बीमारियां फैलाने वाले मच्छरों को मारने के लिए फोगिंग शुरू की गई है। जो आगामी दिनों में जारी रहेगी। पालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक कमल चांवरिया ने बताया कि फोगिंग टीम ने घूमचक्कर से जीव जतन पालिका भवन तक, गांधी पार्क से हाईस्कूल रोड तक, उसके बाद गौरव पथ होते हुए सरदारहशर रोड व झंवर बस स्टैंड से पालिका भवन तक फोगिंग की गई।