July 11, 2026
001

गो सम्मान आह्वान अभियान को लेकर रविवार को होगी बैठक
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर रविवार, 12 जुलाई को श्री गोपाल गौशाला, श्रीडूंगरगढ़ में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें अभियान से जुड़े कार्यकर्ता एवं गौभक्त शामिल होंगे। बैठक में 27 जुलाई को जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित विशाल हस्ताक्षर अभियान एवं प्रार्थना-पत्र कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। अभियान के तहत देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर गौ माता को “राष्ट्रीय माता” का दर्जा देने की मांग की जाएगी। बैठक में हस्ताक्षर अभियान की कार्ययोजना तैयार करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी तय की जाएंगी। आयोजकों ने सभी कार्यकर्ताओं एवं गौभक्तों से बैठक में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।

कोर्ट परिसर में निकला कोबरा, रेस्क्यू कर वन में छोड़ा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्थानीय न्यायालय परिसर में अभियोजन अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार सुबह एक कोबरा सांप निकल आने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार अभियोजन अधिकारी सपन कुमार जैसे ही कार्यालय पहुंचे और अपनी सीट पर बैठे, तभी कोबरा फन उठाकर सामने आ गया। मौके पर मौजूद बाबू और सुरक्षा गार्ड ने सतर्कता दिखाते हुए अधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची रेस्क्यू ने कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर वन क्षेत्र में छोड़ दिया। घटना के दौरान कोर्ट परिसर में लोगों की आवाजाही जारी थी, जिससे कुछ देर के लिए स्टाफ और उपस्थित लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

एबीवीपी स्थापना सप्ताह पर संगोष्ठी व पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना सप्ताह के तहत राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को संगोष्ठी एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संगोष्ठी में नगर मंत्री राघव लखोटिया ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व, वृक्षारोपण की आवश्यकता तथा एबीवीपी की रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। जिसके बाद महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सह नगर मंत्री मोहित सिंह राठौड़, आदित्य पांडे, राहुल शर्मा, हेमंत सिंह राठौड़ सहित एबीवीपी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

एकादशी पर भामाशाहों ने किया गौ सेवा भंडारा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोटासर स्थित श्री करणी गौशाला में एकादशी पर्व पर पुणे प्रवासी दुलचासर निवासी राजेंद्र प्रसाद सोनी परिवार सहित पहुंचे। उन्होंने गौशाला में सहयोग राशि भेंट कर गौ माताओं के लिए मूंग चूरी का भंडारा कराया।
वहीं, गौशाला के भामाशाह राम सोनी (जीण माता ज्वेलर्स, दुलचासर) ने भी अपनी धर्मपत्नी एवं पुत्र कुलदीप के साथ गौशाला पहुंचकर गौ सेवा भंडारा किया। इस अवसर पर गौशाला समिति ने दोनों भामाशाह परिवारों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवाभाव की सराहना की।

तोलियासर की नंदीशाला में हुआ वृक्षारोपण, पीपल के पौधे लगाए
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तोलियासर स्थित नंदीशाला में शनिवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वन संरक्षक सत्यपाल सिंह के सहयोग से खेतेश्वर वाटिका में पीपल के 20 पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। नंदीशाला से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि यहां प्रत्येक वर्ष जन्मदिवस, विवाह, त्योहार एवं दिवंगत परिजनों की स्मृति में हजारों पौधे लगाए एवं विकसित किए जा चुके हैं। साथ ही नंदीशाला में करीब 250 नंदी (बछड़ों) का संरक्षण भी किया जा रहा है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में मालसिंह, भवरसिंह, भरतसिंह, गणेश सिंह, घनश्याम सिंह, श्याम सिंह, राजाराम राजपुरोहित सहित ग्रामीण एवं मातृशक्ति ने भाग लिया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी लेते हुए भविष्य में भी वृक्षारोपण अभियान निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।