August 24, 2026
WhatsApp Image 2026-08-23 at 21.13.24

1- गुसाईंसर बड़ा में युवाओं ने किया रालोपा नेता का अभिनंदन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रालोपा नेता नारायण बेनीवाल का लूणकरणसर जाते हुए गांव गुसाईंसर बड़ा में युवाओं ने उत्साह के साथ अभिनंदन किया। बेनीवाल ने रालोपा को प्रदेश की उभरती ताकत बताया जिसे आमजन का समर्थन मिल रहा है। कार्यक्रम का आयोजन गोदारा धर्मकांटा पर हुआ जिसमें नारे लगाते हुए युवाओं ने बेनीवाल को फूलमालाएं पहनाई। इस दौरान रालोपा जिलाध्यक्ष दानाराम घिंटाला उनके साथ रहें। यहां गांव के कानाराम भादू, कुंभाराम गोदारा, रामनिवास गोदारा, मांगीलाल सारण, गिरधारी, राकेश गोदारा, मुकेश गोदारा, शीशपाल गोदारा, भानी गोदारा सहित अनेक युवा मौजूद रहें।

2- दानदाता ने अस्पताल को 2000 ग्लव्स व 5000 सिरिंज भेंट की
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपजिला चिकित्सालय श्रीडूंगरगढ़ में कस्बे के दानदाता मुन्नीराम पुत्र भंवरलाल बाना द्वारा 2000 ग्लव्स एवं 5000 (5सीसी) सिरिंज अस्पताल प्रशासन को सहयोग स्वरूप दी है। बता देवें राजेंद्र स्वामी द्वारा किए गए सहयोग के आह्वान के बाद बाना ने शुक्रवार को अस्पताल में दो दीवार पंखे भेंट करने के बाद शनिवार को ग्लव्स और सिरिंज दान दी। इस अवसर पर डॉ. श्याम सुंदर नांगल, डॉ. रविन्द्र गोदारा व राजेंद्र स्वामी ने दानदाता का आभार जताया। कार्यक्रम में रामनिवास गोदारा, संदीप पारीक, विशाल दर्जी, सुभाष सहित अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।

3- धूमधाम से मनाया झूलेलाल चालीसा में 38वें दिन सांस्कृतिक उत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार को झूलेलालजी मंदिर में चालीसा महोत्सव के दौरान शानदार सांस्कृतिक उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार विशाल स्वामी व राजू जोशी का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में झूलेलालजी को चाद समर्पित कर कपल डांडिया नृत्य, अर्पिता दातवाणी के ग्रुप नृत्य, विद्युत धनवानी ने तांडव नृत्य, पिंकी थावानी के निर्देशन में नारद मुनि पर केंद्रित प्रस्तुतियां हुई। मीनाक्षी मोरवानी के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुआ जिसमें मीना बोधिजा ने संचालन किया। इससे पूर्व शुक्रवार को भी रंगारंग सांस्कृतिक समारोह का आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में ढोलक वादक नैना मोरवानी, विद्युत धनवानी, भूमि गुरनाणी ने सुंदर प्रस्तुतियां दी। इस दौरान विभिन्न देवी देवताओं की सुदंर झांकियां सजाई गई। इस दौरान पटाखों की आतिशबाजी भी की गई व सिंधी पंचायत अध्यक्ष श्रवण कुमार गुरनाणी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए समाज को एकजुट होकर कार्यक्रम में भागीदारी निभाने की बात कही।

4- आड़सर बास के मूंधड़ा मंदिर में संपन्न हुआ झूला उत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रविवार शाम को आड़सर बास के मूंधड़ा मंदिर में हर्षोल्लास के साथ झूला उत्सव सम्पन्न हुआ। आड़सर बास सत्संग मंडली के बैनर तले आयोजित उत्सव में ठाकुरजी का सुदंर झूला सजाया गया और बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने भजन कीर्तन किया और ठाकुरजी को भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया गया।