September 29, 2026
2

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 सितंबर 2026। बिन पानी सब सुन.. हिंदी काव्य की ये पंक्ति राजस्थान में ही नहीं देशभर में पेजयल की घटती उपलब्धता पर सटीक बैठ रही है। विभिन्न गांवो में मोहल्लों में पीने के पानी के लिए जूझते परिवार नजर आते है। श्रीडूंगरगढ़ के वार्ड 40 में पेयजल संकट गहरा गया है और मीठा पीने का पानी नहीं मिलने से लोग परेशान हो गए है। पानी की गुहार लगा रहें वार्डवासी पानी के लिए कतारों में खड़े है। मोहल्ले के होली धोरा टंकी पर मीठे पानी की सप्लाई आती है तो प्रतिदिन यहां पानी के लिए लंबी कतारे लग जाती है। खाली बर्तन लिए महिलाएं घरों से निकल कर पीने के पानी का प्रबंध करने के प्रयास करती है।
वार्डवासी अपने ही शहर में परायापन महसूस कर रहें है और उनके लिए पानी का प्रबंध नहीं किए जाने के आरोप भी लगा रहें है। वार्डवासियों ने जिम्मेदारों से पीने के पानी की सप्लाई सुचारू करने की गुहार लगाई है। वार्ड पार्षद जीतेंद्र स्वामी ने बताया कि वार्ड में लंबे समय से पानी की सप्लाई सुचारू नहीं आ रही है। समस्या समाधान के लिए नैचर पार्क में ट्यूबवेल का निर्माण करवाया गया परंतु उसका पानी 2 हजार टीडीएस का इतना खारा पानी है, कि मुंह में रखा जाना भी संभव नहीं है। स्वामी ने कहा कि हनुमान धोरा पानी की सप्लाई आती है परंतु उसे राजनीतिक कारणों से रास्ते में ही रोका जा रहा है। लोग लगातार पानी की मांग कर रहें है। स्वामी ने बताया कि वे आज विकास मंच के बैनर तले जलदाय विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर सप्लाई सुचारू करवाने की मांग करेंगे।
वार्डवासियों ने बताया कि मोहल्ले में होली धोरा पर बनी पानी की टंकी में हनुमान धोरा का पानी पहुंचता है। इसी पानी को लेने के लिए मोहल्ले में बर्तन लेकर महिलाओं की कतारें लगती है। पानी कम आता है और घरों तक नहीं पहुंच पाता है। होली धोरा से सप्लाई की शारदा देवी, अंतराम नाई, मूलजी सुथार, धोलिया रोड, पत्रकार सप्लाई, रोशन बैंड, दधीमाता मंदिर, राजू पान पैलेस, लोकेश माली, आशु नाई सप्लाई के रूप में पानी देने का प्रावधान है। पानी नेचर पार्क व हनुमान धोरा का मिलाकर दिया जा रहा है परंतु ये पानी पीने लायक नहीं है। विदित रहें वार्डवासियों ने पालिका चुनावों के दौरान भी लगातार पेयजल समस्या समाधान की मांग की थी। वार्डवासी अब पानी के लिए संघर्ष की नई रणनीति बना रहें है वहीं पार्षद ने भी इस संबंध में प्रयास प्रारंभ कर दिए है।