






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 जुलाई 2026। क्षेत्र के गांव कितासर में जेके सीमेंट का बड़ा प्लांट लगाया जा रहा है। आए दिन कंपनी के कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद की स्थिति सामने आती रहती है। शनिवार सुबह भी यहां पड़ौसी खेत के किसानों ने स्वयं की खोतदारी भूमि पर अतिक्रमण करने का आरोप कंपनी पर लगाया। मौके पर हंगामा बढ़ते देख पुलिस जाप्ता भी पहुंचा।
वहीं किसान आदूराम पुत्र टीकूराम, द्रोपती पत्नी रामलाल जाट सहित अनेक पड़ौसी किसान उपखंड कार्यालय पहुंचे और विरोध जताते हुए तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा को ज्ञापन दिया है। परिवादी आदूराम व द्रोपती ने बताया कि उनका खेत खसरा नबंर 477 रोही कितासर भाटियान में स्थित है। परिवादी ने मुकेश जांगीड़ को अपनी संयुक्त खातेदारी भूमि में से 30 फुट चौड़ा रास्ता दिया था, जिसका इकरारनाम भी किया गया। किसानों ने बताया कि आज सुबह वे अपने खेत में काम कर रहें थे और तभी आरोपी को दिए रास्ते से अधिक में दीवार बनाकर खेत में अतिक्रमण करने का प्रयास किया और खेत में खड़ी मोठ, बाजरा की फसल लोडर व जेसीबी से नष्ट कर दी है। किसानों ने मौके पर जमकर विरोध जताया।










