






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 दिसंबर 2023। पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशानुसार संभाग भर में अपराधियों व असामाजिक तत्वों के विरूद्ध पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया हुआ है। ओमप्रकाश ने बताया कि रेंज के सभी चारों जिलों में 877 पुलिस अधिकारियों एंव जवानों की 216 टीमों द्वारा अब तक 882 स्थानों पर दबिश दी गई है और कुल 302 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसमें 9 स्थाई वारंटी, 4 हिस्ट्री शीटर गिरफ्तार किए गए। विभिन्न प्रकरणों में 43 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बुधवार को भी एक दर्जन से अधिक युवकों को गिरफ्तार किया गया था जिसकी खबर पाठकों ने गुरूवार को टाइम्स में पढ़ी। वहीं गुरूवार को भी पुलिस ने अनेक कार्रवाईयों को अंजाम दिया जिसमें एक दर्जन से अधिक असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया है। अभियान लगातार आज तीसरे दिन भी जारी रहेगा।
श्रीडूंगरगढ़ व सेरूणा में हुई विभिन्न कार्रवाईयां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आरपीएस गोमाराम जाट के निर्देशन में श्रीडूंगरगढ़ व सेरूणा थाने की टीमों ने विभिन्न कार्रवाईयां की। आरापियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद कर हिदायत दी गई है। हैंड कांस्टेबल सुरेशकुमार गुर्जर ने मोमासर निवासी शिवराज वाल्मिकी, आड़सर बास निवासी भंवरलाल सोनी, कालूबास निवासी बजरंगलाल जाट को गिरफ्तार किया। एक अन्य मामले में गुर्जर ने कल्याणसर नया निवासी मानाराम मेघवाल को भी पकड़ा। वहीं हैड कांस्टेबल भगवानाराम ने पुंदलसर निवासी दयालसिंह, गोपालसिंह, धीरदेसर चोटियान निवासी धन्नाराम सांसी को गिरफ्तार किया। वहीं एक अन्य कार्रवाई में बिग्गा निवासी राधेश्याम रेगर, शंकरलाल बावरी को पकड़ा गया। एसआई सुशीला ने मोमासर बास निवासी विमल वाल्मिकी व मनोज वाल्मिकी को गिरफ्तार किया। सेरूणा थाने में हैड कांस्टेबल मनोज कुमार ने कार्रवाई करते हुए सेरूणा निवासी केशर सिंह राजपूत, केसराराम खाती व माणकरासर निवासी हुकमाराम मेघवाल को गिरफ्तार किया। एक अन्य कार्रवाई में मनोज कुमार ने गोपालसर निवासी सरजीत बावरी को भी पकड़ कर थाने पहुंचाया।
आर्म्स एक्ट में एक गिरफ्तार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार देर शाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झंवर बस स्टैंड के पास अवैध पिस्टल के साथ एक जने को गिरफ्तार किया। हैड कांस्टेबल आवड़दान ने बिना लाइसेंस के अवैध पिस्टल जब्त कर आरोपी 45 वर्षीय गोपालराम उर्फ गोपाल जाखड़ पुत्र खिराजराम जाट निवासी तेजरासर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच रविंद्रसिंह को दी गई है।




