श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत तोलियासर और गुसाईंसर बड़ा में चुनावी रंगत परवान पर है। सरपंच पद के प्रत्याशी घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं का समर्थन जुटाने में लगे हैं। कहीं मतदाताओं की खामोशी प्रत्याशियों की रणनीति को उलझा रही है, तो कहीं जातीय समीकरणों के बीच मुकाबला दिलचस्प हो गया है। गुसाईंसर बड़ा में विधायक के छोटे भाई के चुनाव मैदान में उतरने और सामान्य सीट पर अनुसूचित जाति के प्रत्याशी की दावेदारी ने चुनावी चर्चा को और तेज कर दिया है।
तोलियासर में साइलेंट वोटर, पांच प्रत्याशियों के बीच कशमकश
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तोलियासर ग्राम पंचायत में 9 वार्ड और 2,984 मतदाता हैं। सरपंच पद के लिए वर्तमान सरपंच रहे गिरधारीसिंह राजपुरोहित, केंद्रीय मंत्री के पीए विक्रमसिंह राजपुरोहित, व्यवसायी कमल राजपुरोहित, पूर्व सरपंच भागीरथ सुथार के पुत्र विकास सुथार और नरपतसिंह राजपुरोहित मैदान में हैं। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार एक अन्य प्रत्याशी के उतरने की संभावना भी चर्चा में है। यहां मतदाताओं की खामोशी ने प्रत्याशियों की चिंता बढ़ा रखी है। जातीय समीकरणों के उलझाव के बीच कोई भी प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर नहीं आ रहा है। सभी प्रत्याशी पूरे दमखम के साथ व्यक्तिगत संपर्क साधकर समर्थन जुटाने में लगे हैं। एक प्रत्याशी द्वारा अब तक चुनाव कार्यालय नहीं खोलने के बावजूद वोट बटोरने की रणनीति भी गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में भी गांव की सक्रियता देखने को मिल रही है। विकास कुमार की पत्नी सरोज देवी वार्ड 6 से माकपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। ऐसे में सरपंच चुनाव के साथ पंचायत समिति सदस्य पद को लेकर भी मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गुसाईंसर बड़ा में विधायक के भाई मैदान में, सामान्य सीट पर नायक ने ठोकी ताल
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुसाईंसर बड़ा ग्राम पंचायत में 11 वार्ड और कुल 3,914 मतदाता हैं। यहां सरपंच और पंचायत समिति सदस्य, दोनों पदों के चुनाव ने गांव में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। सरपंच पद के लिए वर्तमान सरपंच रहे और विधायक ताराचंद सारस्वत के छोटे भाई नारायण सारस्वत चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने मूलचंद शर्मा और भंवरलाल गोदारा चुनौती पेश कर रहे हैं। इस चुनाव का एक खास पहलू सामान्य सीट पर अनुसूचित जाति के प्रत्याशी तिलोकाराम नायक का मैदान में उतरना है। गांव में पहली बार सामान्य सीट पर एससी प्रत्याशी की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सभी प्रत्याशियों ने अपने चुनाव कार्यालय खोल लिए हैं और जनसंपर्क के साथ समर्थन जुटाने में ताकत लगा रहे हैं। जातीय समीकरणों के बीच तिलोकाराम नायक की चुनौती भी चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना रही है।
पंचायत समिति वार्ड 9 में वोटों की सेंधमारी के प्रयास
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुसाईंसर बड़ा पंचायत समिति के वार्ड 9 का एकमात्र गांव होने के कारण यहां पंचायत समिति सदस्य पद का चुनाव भी खासा महत्वपूर्ण हो गया है। प्रत्याशी एक-एक मतदाता तक पहुंचने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के प्रयास कर रहे हैं। गांव की गलियों से लेकर अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक धड़ों तक वोटों के समीकरण साधे जा रहे हैं।  कांग्रेस के चुनाव प्रचारक राकेश सारण के अनुसार, पूरे उपखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला वाला एकमात्र वार्ड यही है। यहां कांग्रेस की फुसीदेवी हनुमानाराम और भाजपा की शांति भंवरलाल के बीच सीधी टक्कर है। ऐसे में सरपंच पद के साथ पंचायत समिति सदस्य का चुनाव भी गांव की राजनीतिक सरगर्मी का केंद्र बना हुआ है।