श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 नवंबर 2026। रीड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में सरपंच चुनाव के परिणामों ने कहीं एकतरफा जीत तो कहीं कांटे के मुकाबले की तस्वीर सामने रखी। देर रात तक परिणाम जारी होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के घरों पर सुबह 4 बजे तक समर्थकों का जमावड़ा रहा। गांवों में रातभर उत्सव का माहौल बना रहा और जीत का जश्न नव विजयी सरपंचो के घर हुआ। कई ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों के बीच बेहद करीबी मुकाबले देखने को मिले।

जाखड़ के नाम सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ व रीड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे बड़ी जीत भंवरीदेवी तोलाराम जाखड़ के नाम रही। जाखड़ ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अमरीदेवी को 1497 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। अमरीदेवी को 892 मत प्राप्त हुए। दूसरी सबसे बड़ी जीत लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने वाले युवा हेतराम जाखड़ की रही। हेतराम जाखड़ 927 मतों के अंतर से विजयी हुए। तीसरी बड़ी जीत सूडसर में कोडाराम खुमाराम ने दर्ज की, जिन्होंने 599 मतों से चुनाव जीता। तुलसीदेवी हरीराम गोदारा 311 मतों से विजयी होकर चौथी बड़ी जीत हासिल करने में सफल रही। वहीं राजेडू में श्रवणकुमार मदेरणा ने 241 मतों से जीत दर्ज कर पांचवीं बड़ी जीत अपने नाम की।

तीन सरपंचों की जीत 20 मतों से भी कम
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चुनाव परिणामों में सबसे रोमांचक मुकाबला गोपालसर में देखने को मिला, जहां कमला देवी पत्नी रामरतन बूडिया ने महज 3 मतों के अंतर से जीत हासिल कर सरपंच पद पर कब्जा जमाया। मिंगसरिया में मनोजदेवी शिवरतन नाई ने 13 मतों से जीत दर्ज की। इंदपालसर सांखलान में विमला देवी मात्र 17 मतों के अंतर से सरपंच चुनी गईं। इन तीनों ग्राम पंचायतों में जीत-हार का फैसला बेहद करीबी रहा।

कांटे के मुकाबलों में भी मिली जीत
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लिखमीसर उत्तरादा में सुमनदेवी मांगीलाल भुवांल ने 25 मतों से जीत हासिल की। वहीं कोटासर में आमने-सामने की टक्कर के बीच पार्वती देवी राजूराम सारण ने 31 मतों से जीत दर्ज कर सरपंचाई हासिल की। पंचायत चुनाव के इन परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि ग्रामीण राजनीति में मतदाताओं का छोटा सा अंतर भी प्रत्याशियों की किस्मत बदलने में निर्णायक साबित हुआ।