श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 नवंबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में सरपंच चुनाव के परिणामों ने ग्रामीण राजनीति के कई रंग दिखाए। कहीं प्रत्याशियों ने बड़े मतों के अंतर से जीत दर्ज की तो कहीं एक-एक वोट के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे पहले चुनाव परिणाम आने शुरू हुए, वहीं सबसे अंतिम परिणाम भी सुबह पौने चार बजे तक जारी हुआ। विजयी सरपंचों के समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की और लोक देवी-देवताओं के जयकारे लगाकर जीत का जश्न मनाया। क्षेत्र में सबसे बड़ी जीत मंगेज कंवर के नाम रही, जबकि माणकरासर में चुन्नीदेवी ने मात्र 3 मतों से जीत हासिल कर सबसे करीबी मुकाबले का रिकॉर्ड बनाया। बिग्गा ग्राम पंचायत का चुनाव 16 प्रत्याशियों की मौजूदगी के चलते जिलेभर में चर्चित रहा।
मंगेज कंवर ने दिवंगत विक्रमसिंह की स्मृति में हासिल की बड़ी जीत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे बड़ी जीत सड़क दुर्घटना में असमय काल का ग्रास बने भाजपा नेता दिवंगत विक्रमसिंह सत्तासर की पत्नी मंगेज कंवर के नाम रही। ग्रामीणों ने विक्रमसिंह की स्मृति और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए मंगेज कंवर को अपार समर्थन दिया। मंगेज कंवर ने 934 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल कर क्षेत्र में सर्वाधिक मतों से विजयी सरपंच बनने का गौरव प्राप्त किया। दूसरी बड़ी जीत कितासर भाटियान में ग्यारसी देवी के नाम रही, जिन्होंने 693 मतों से चुनाव जीता। हेमासर में चुन्नीदेवी नारायण स्वामी ने 645 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर तीसरी बड़ी जीत हासिल की। चौथी बड़ी जीत आड़सर में भगवती प्रसाद जोशी 600 मतों से विजयी रहे। वहीं बिग्गाबास रामसरा में रामेश्वरलाल ने 593 मतों के अंतर से सरपंच पद पर जीत हासिल की।
माणकरासर में चुन्नीदेवी की 3 मतों से जीत, लोडेरा में 9 वोटों का अंतर
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की 33 ग्राम पंचायतों में सबसे करीबी मुकाबला माणकरासर में देखने को मिला। यहां चुन्नीदेवी ने मात्र 3 मतों के अंतर से सरपंच पद की बाजी जीत ली। लोडेरा में जेठाराम गोदारा ने केवल 9 मतों से जीत हासिल कर सरपंचाई प्राप्त की। बींझासर में भी मुकाबला बेहद रोचक रहा। यहां शुरुआती दौर में वसुंधरा देवी, पुत्रवधू मनोहरलाल कड़वासरा की 200 से अधिक मतों से जीत का माहौल बन गया था, लेकिन अंतिम परिणाम में वसुंधरा देवी महज 12 मतों से विजयी घोषित हुईं। लखासर में वर्तमान सरपंच प्रतिनिधि गोवर्धन खिलेरी ने कांटे की टक्कर के बीच 42 मतों से जीत दर्ज की।
बिग्गा में 16 प्रत्याशियों के बीच संपत्त फौजी ने मारी बाजी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिग्गा ग्राम पंचायत का सरपंच चुनाव पूरे जिले में चर्चा का विषय बना रहा। यहां बड़ा बास निवासी संपत्त फौजी ने 15 प्रत्याशियों को पछाड़ते हुए सरपंच पद पर जीत हासिल की। संपत्त फौजी को 898 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राकेश को 817 मत मिले। इस प्रकार संपत्त फौजी ने 81 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। बिग्गा में कुल 16 प्रत्याशी सरपंच पद के लिए मैदान में थे। चुनाव में एक प्रत्याशी को 26 तथा दूसरे को 36 मत प्राप्त हुए। वहीं चार प्रत्याशी ऐसे रहे जिन्हें 100 से भी कम मत मिले। प्रत्याशियों की बड़ी संख्या और रोचक मुकाबले के चलते बिग्गा का चुनाव जिलेभर में चर्चित रहा।