जरूरतमंद परिवारों के घर रोशन की दीपावली, नर नारायण सेवा संस्थान ने बांटी खुशियां
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 07 नवंबर 2026। दीपावली का पर्व केवल अपने घरों को रोशन करने का नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का अवसर है। इसी सेवा भावना के साथ श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में कार्यरत नर नारायण सेवा संस्थान द्वारा दीपावली के उपलक्ष्य में 41 जरूरतमंद परिवारों के घरों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाई जा रही हैं। संस्थान की ओर से इन परिवारों को मिठाई, भुजिया, पूजन सामग्री और दीपक वितरित किए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी परिवार की दीपावली की खुशियां फीकी ना रहें।
संस्थान के संस्थापक धनराज जस्सू ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गोद लिए गए सभी जरूरतमंद परिवारों तक संस्थान सहयोगकर्ताओं द्वारा दीपावली का सामान पहुंचाया जा रहा है। संस्थान अध्यक्ष सुषमा श्याम करनानी एवं आनंद जोशी की देखरेख में सेवादार परिवारों तक सामग्री पहुंचा रहे हैं। धनराज जस्सू ने बताया कि नर नारायण सेवा संस्थान द्वारा श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के आसपास के गांवों के साथ बीकानेर, बाड़मेर और अलवर के जरूरतमंद परिवारों को भी गोद लिया गया है। संस्थान के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने बताया कि संस्थान की ओर से क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की गई है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास रहने वाले किसी असहाय और जरूरतमंद परिवार के जीवन में खुशियां पहुंचाने का प्रयास करें ताकि दीपावली का वास्तविक संदेश हर घर तक पहुंच सके।
श्रीडूंगरगढ़ में 10 नवंबर से सजेगा भागवत कथा का पांडाल, सात दिन तक बहेगी भक्ति की सरिता
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के कालूबास स्थित नेहरू पार्क में श्री कृष्ण सत्संग समिति के तत्वावधान में 10 से 16 नवंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। कथा के शुभारंभ अवसर पर 10 नवंबर को सुबह 10 बजे पाराशर मंदिर से कथा स्थल नेहरू पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक रहेगा। कथा वाचन पूज्य डॉ. स्वामी वागीश स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज करेंगे। वहीं परम पूज्य अनन्त श्रीविभूषित दण्डी स्वामी रामानन्द तीर्थ महाराज का सान्निध्य प्राप्त होगा। समिति की ओर से क्षेत्र के नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर कथा श्रवण करने और धर्मलाभ प्राप्त करने का आव्हान किया गया है।