श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 नवंबर 2026। पंचायती राज चुनाव 2026 के बाद ग्राम पंचायतों में नई सरकार ने कामकाज संभालना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रथम बैठकें आयोजित हुईं। कहीं पूर्व सरपंचों ने नई पंचायत को कार्यभार सौंपा तो कहीं नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों का अभिनंदन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के सहयोग से गांवों के विकास, सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान का संकल्प लिया।
मोमासर में मनफूलराम गोदारा की अगुवाई में नई पंचायत, पन्नालाल वाल्मीकि बने उपसरपंच
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायत मोमासर में सरपंच मनफूलराम गोदारा एवं नवनिर्वाचित पंचों के साथ पंचायत की नई पारी शुरू हुई। निर्वाचन अधिकारी बलदेव सिंह के अनुसार चुनाव में आठ सरपंच प्रत्याशी मैदान में थे तथा वार्ड पंचों के लिए 38 प्रत्याशियों ने भाग लिया। 20 वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि शेष नौ वार्ड पंचों एवं सरपंच पद के लिए मतदान हुआ। उपसरपंच चुनाव में पन्नालाल वाल्मीकि को 18, सत्यनारायण को एक तथा पेमा देवी को 11 मत मिले। पन्नालाल वाल्मीकि उपसरपंच निर्वाचित हुए। ग्राम पंचायत के 29 वार्डों में शायरा, जेठी देवी, मालाराम, भंवराराम, खिंयाराम, धन्नाराम, श्यामलाल, पन्नालाल, नरपत सिंह, गीता, हीराराम, बजरंगलाल, सरोज, शिवरतन, चंद्रा, रामेश्वरलाल, सत्यनारायण, मुन्नीराम, नानू, तखी, मनोहरी, माली देवी, मोनिका, शीला, पेमा देवी, रामकरण, गंगा, इचू देवी एवं नजमा पंच निर्वाचित हुए। वार्ड 29 से चोखाराम पंच बने।

सोनियासर मीठिया में पूर्व सरपंच ने सौंपा कार्यभार, सुमित्रा देवी बनी सरपंच
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायत सोनियासर मीठिया में नवनिर्वाचित पंचायत की प्रथम बैठक आयोजित हुई। इस दौरान पूर्व सरपंच नंदकिशोर ने नई सरपंच सुमित्रा देवी हेतराम मेघवाल को कार्यभार सौंपा तथा सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों का फूलमालाओं से स्वागत किया। यहां धापू देवी श्रवणराम उपसरपंच निर्वाचित हुईं। वार्ड पंचों में पूजा रांगेरा जैसाराम, नोपाराम मेघवाल, धापू देवी श्रवणराम, जस्सुराम ज्याणी, केसर देवी राजूराम, शंकरलाल ज्याणी, लाल सिंह, सोनी देवी रतनदास एवं जगमाल सिंह शामिल हैं। बैठक में मंजू मेहरा, भंवरलाल जोशी, रतनदास, संग्राम, जैसाराम, हेतराम, पवन कुमार सहित सरपंच, उपसरपंच एवं महिला पंचों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्वाचन अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार ने चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न होने की जानकारी दी।

पुंदलसर में सबसे कम उम्र की सरपंच विद्या कंवर ने संभाली जिम्मेदारी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायत पुंदलसर में पूर्व सरपंच किशनाराम नाई ने नवनिर्वाचित सरपंच विद्या कंवर को पंचायत की चाबियां सौंपकर कार्यभार हस्तांतरित किया। पूर्व सरपंच ने सरपंच विद्या कंवर एवं उपसरपंच कमला कंवर का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। पंचायत के वार्ड 1 से पप्पूसिंह, वार्ड 2 से अजीतसिंह, वार्ड 3 से धापूदेवी, वार्ड 4 से संतोष बरोड़, वार्ड 5 से सोनू कंवर, वार्ड 6 से भवानी शंकर तथा वार्ड 7 से कमला कंवर पंच निर्वाचित हुए। क्षेत्र में सबसे कम उम्र की सरपंच बनने का अवसर प्राप्त करने वाली विद्या कंवर ने गांव में विकास कार्य करवाने एवं सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने की बात कही। उनके प्रतिनिधि एवं पिता मेघसिंह ने ग्रामीणों का आभार जताया।
