श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अक्टूबर 2026। तीसरे चरण के चुनावों की गूंज हर गांव की एक एक गली में पहुंच रही है। पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्यों के लिए जनसमर्थन की अपील लेकर पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं के जत्थे गांवों में पहुंच रहें है। बुधवार को गांवों में पहुंचे नेताओं को ग्रामीण सुन रहें है और अपने मन में मतदान का फैसला भी ले रहें है।
कांग्रेस ने पुदंलसर में खोला कार्यालय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस के पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने वार्ड 15 के मुख्य गांव पुदंलसर में प्रत्याशी सुमेरसिंह के कार्यालय का विधिवत रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। गोदारा ने जिला परिषद सदस्य मुन्नीराम मेघवाल व सुमेरसिंह के समर्थन वोट मांगे। इस दौरान राधेश्याम सारस्वत सहित अनेक ग्रामीण जनप्रतिनिधि उनके साथ रहें। गोदारा ने पुदंलसर और सालासर गांवो का दौरा किया।

भाजपा ने आधा दर्जन गांवो में किया दौरा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विधायक ताराचंद सारस्वत की अगुवाई में भाजपा नेताओं ने आधा दर्जन से अधिक गांवो में दौरा किया। विधायक का काफिला गांव मिंगसरिया, धनेरू, बरजांगसर, जाखासर, सोनियासर मिठिया, राजेडू और बापेऊ सहित विभिन्न गांवों में पहुंचा और जनसंपर्क किया। सारस्वत ने सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए भाजपा के लिए जनमत मांगा। सोनियासर मीठिया में जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी कंचन मुरलीधर जोशी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने शहीद हेतराम गोदारा स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। इस दौरान पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी, उपाध्यक्ष विनोदगिरी गुसाईं, किशन गोदारा सहित अनेक युवा कार्यकर्ता उनके साथ रहें।

माकपा नेता का एक दर्जन गांवों में दौरा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माकपा के पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने बुधवार को एक दर्जन गांवो में दौरा किया। महिया गांव रीड़ी, इंदपालसर गुसाईंसर बास, अमृतवासी, इंदपालसर हीरावतान, इंदपालसर राइकान, इंदपालसर सांखलान, इंदपालसर हताना जोहड़, धर्मास, नौसरिया मिंगसरिया, धनेरू, बाडेला व बरजांगसर पहुंचे और जनसंपर्क किया। महिया ने इन क्षेत्रों में जिला परिषद सदस्यों व पंचायत समिति सदस्यों को समर्थन देने की अपील ग्रामीणों से की।

रालोपा नेता ने किया जनसंपर्क।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रालोपा की कमान थामे क्षेत्र में डॉ विवेक माचरा ने रीड़ी सहित आस पास के गांवो में जनसंपर्क किया। माचरा ने रालोपा को मजबूत करने के लिए जनसमर्थन मांगा। रालोपा टीम द्वारा कल सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल की चुनावी सभा को लेकर भी व्यापक तैयारियां की जा रही है।
