श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 नवंबर 2026। सरपंचाई के चुनाव में लोकतंत्र का उत्सव गुरुवार को पूरे अंचल में देखने को मिला। गांवों में मतदाताओं का उत्साह, प्रत्याशियों की धड़कनें, समर्थकों की बेचैनी और मतगणना केंद्रों पर देर रात तक बना रोमांच चुनाव की खास तस्वीरें रहीं। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स अपने पाठकों के लिए लेकर आया है चुनावी रात की कुछ ऐसी रोचक झलकियां, जो चर्चा में तो रही लेकिन खबरों की सुर्खियों में नहीं आ सकीं। चुनाव का सबसे सकारात्मक पहलू यह रहा कि पूरे अंचल में मतदान और मतगणना शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हुई। हालांकि गुरुवार का दिन और रात पुलिस-प्रशासन के साथ प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए भी किसी परीक्षा से कम नहीं रहे।
सुबह चार बजे प्रशासन ने ली राहत की सांस
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरुवार का दिन और रात पुलिस एवं प्रशासन के लिए सतर्कता भरे रहे। करीब 24 घंटे अधिकारी अलर्ट मोड पर रहे। रात तीन से चार बजे के बीच मोमासर, रीड़ी, तोलियासर, बिग्गा और इंदपालसर गुसाईंसर जैसे गांवों के परिणाम सामने आए। नवनिर्वाचित सरपंचों को पुलिस सुरक्षा में उनके घर तक पहुंचाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। सीओ निकेत पारीक, श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह, सेरूणा थानाधिकारी इमीचंद सहित जिले के अधिकारियों और विभिन्न स्थानों से आए पुलिस जाप्ते ने व्यवस्थाएं संभालीं। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ और रीड़ी क्षेत्र में बूथों, पंचायतों तथा क्रिटिकल बूथों पर मोबाइल पार्टियों सहित कुल 1025 पुलिस जवानों ने व्यवस्थाएं संभाली। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने वाले ग्रामीणों और पुलिस टीमों का आभार जताया।
मोमासर, ठुकरियासर और रीड़ी में बुलाना पड़ा अतिरिक्त जाप्ता
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मतगणना में अधिक मतों की संख्या के कारण मोमासर, ठुकरियासर और रीड़ी में परिणाम देर रात तक अटके रहे। आसपास की ग्राम पंचायतों में मतगणना पूरी होने के बाद वहां तैनात पुलिस जाप्ते को इन गांवों में भेजा गया। मोमासर और रीड़ी में पुलिस ने मतगणना केंद्र के आसपास पांच-छह गलियों तक रास्ते खाली करवाए। चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच परिणाम घोषित किए गए। विजय जुलूस निकालने पर रोक की सख्ती से पालना करवाई गई और नवनिर्वाचित सरपंचों को पुलिस सुरक्षा में सीधे उनके घर पहुंचाया गया।
रिकाउंटिंग की मांग पर अटका इंदपालसर गुसाईंसर का परिणाम
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अंतिम परिणाम मोमासर और तोलियासर का करीब सवा तीन बजे आया, जबकि इंदपालसर गुसाईंसर में परिणाम की घोषणा सबसे देर से हुई। यहां एक प्रत्याशी मतगणना के बाद हस्ताक्षर नहीं करने और पुनर्गणना की मांग पर अड़े रहे। जीत के अंतर को देखते हुए आरओ ने पुनर्गणना से इनकार किया। देर रात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की और परिणाम घोषित करवाया। चुनावी रात में कई स्थानों पर पुनर्गणना की चर्चाएं भी उड़ीं, लेकिन प्राप्त जानकारी के अनुसार किसी ग्राम पंचायत में पूर्ण पुनर्गणना नहीं हुई। कुछ स्थानों पर केवल मतपत्रों के बंडलों की गणना की गई। बिग्गा में 16 प्रत्याशियों के मतों की छंटनी और गणना के कारण परिणाम आने में देरी हुई।
सबसे पहले जैसलसर, सबसे आखिर में इंदपालसर गुसाईंसर
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरुवार शाम सात बजे आरओ के निर्देशन में मतगणना शुरू हुई। सबसे पहला परिणाम करीब सवा आठ बजे जैसलसर ग्राम पंचायत का आया। वहीं सबसे अंतिम परिणाम इंदपालसर गुसाईंसर का घोषित हुआ। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में अंतिम परिणाम मोमासर का रहा। क्षेत्रवासियों ने तोलियासर, बिग्गा, रीड़ी, मोमासर व इंदपालसर गुसांईसर के परिणामों का बेसब्री से इंतजार किया। देर रात तक चुनावी परिणामों का रोमांच बना रहा और क्षेत्रवासी श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के फेसबुक पेज से लगातार जुड़े रहे।
पहले समर्थकों को हटाया, फिर सरपंच को घर पहुंचाया
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र की चर्चित और हॉट सीटों पर मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही। परिणाम घोषित करने से पहले आरओ और पुलिस ने समर्थकों को केंद्र से दूर कर चार-पांच गलियों तक रास्ते खाली करवाए। इसके बाद नवनिर्वाचित सरपंच को शपथ दिलाकर पुलिस जाप्ते के साथ वाहन में बैठाकर घर पहुंचाया गया। पुलिस वाहन में नवनिर्वाचित सरपंच को बैठे देखकर ही कई समर्थकों ने जीत का अंदाजा लगा लिया और पटाखे छोड़ने शुरू कर दिए। समर्थक दौड़ते हुए सरपंच के घर पहुंचे और वहां जयकारों के साथ जीत का जश्न मनाया।
ठुकरियासर में सुबह फर्जी मतदान का आरोप, रात को भीड़ हटाने पहुंची पुलिस
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ठुकरियासर में गुरुवार दोपहर मतदान के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने फर्जी मतदान का आरोप लगाया, जिससे कुछ देर माहौल गरमा गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बातचीत के जरिए मामला शांत करवाया। देर रात मतगणना के दौरान केंद्र के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता पहुंचा और समर्थकों को केंद्र के बाहर से हटाया। पुलिस वाहनों को देखकर कई ग्रामीण अपने घरों की ओर लौट गए। जीत की घोषणा होते ही पटाखे छोड़े गए और नवनिर्वाचित सरपंच के घर जश्न मनाया गया। प्रशासन की हिदायत के बाद समर्थकों ने बधाइयां देकर वहां से विदाई ली।
जालबसर में मतपत्र पर नोटा का स्टीकर लगने से विवाद
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जालबसर में एक प्रत्याशी के चुनाव चिह्न के सामने नोटा का स्टीकर लगने को लेकर विवाद सामने आया। गुरुवार शाम करीब चार बजे प्रशासन को सूचना मिली। निर्वाचन अधिकारी झंवरलाल मित्तल ने आरओ को सूचना देकर मोबाइल पार्टी को मौके पर भेजा। सूत्रों के अनुसार कार्बन के कारण दो मतपत्रों पर मिसप्रिंट हुआ था। प्रशासन ने मतपत्रों पर चुनाव चिह्न के अनुरूप मतदान प्रक्रिया जारी रखने को लेकर समझाइश की। समर्थकों ने आरओ को ज्ञापन भी दिया। प्रशासन ने मामले को संभालते हुए मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी करवाई।
हेमासर में एक वोट को लेकर हुआ हंगामा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हेमासर में आमने-सामने के मुकाबले में प्रत्याशियों और समर्थकों की नजर एक-एक वोट पर रही। यहां एक प्रत्याशी हेमासर का और दूसरी प्रत्याशी सालासर गांव की थी। मतदान के दौरान सालासर के एक मतदाता का वोट किसी अन्य व्यक्ति द्वारा डाल दिए जाने का आरोप सामने आया, जिस पर हंगामा हुआ। प्रशासन ने आरओ से संपर्क किया और एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझाइश कर मामला शांत करवाया।
जीत का जैकपॉट, लेकिन दीपावली पर हारने वाले को भी साथ लें
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दीपावली के पर्व पर आया यह चुनावोत्सव किसी के लिए खुशियों का जैकपॉट लेकर आया तो किसी के लिए निराशा भी छोड़ गया। जीतने वाले सरपंचों के घर जश्न है, लेकिन दीपोत्सव की मूल भावना आपसी प्रेम, सौहार्द और सुख-दुख साझा करने की है। चुनाव के तुरंत बाद दीपावली आने से गांवों में हार-जीत के भाव को पीछे छोड़ने का अवसर भी है। विजयी प्रत्याशियों के लिए यह समय अपने प्रतिद्वंद्वियों को भी साथ लेकर चलने का है। राम-राम श्यामा के इस परंपरागत अवसर पर सभी नकारात्मक भाव भूलकर गांव के विकास के लिए नई शुरुआत की जा सकती है। गांव की खुशहाली तभी सार्थक होगी जब जीत का उत्सव सभी ग्रामीणों का उत्सव बने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की चुनावी कवरेज बनी चर्चा का विषय
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नगरपालिका चुनावों के बाद पंचायती राज चुनावों में भी क्षेत्रवासियों ने प्रामाणिक और विश्वसनीय समाचारों के लिए श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स पर भरोसा जताया। मतदान से लेकर मतगणना और परिणामों तक टाइम्स टीम ने पल-पल की अपडेट पाठकों तक पहुंचाने के लिए निरंतर मेहनत की। गांवों की चुनावी हलचल, प्रत्याशियों के मुकाबले और परिणामों की सटीक जानकारी के लिए पाठक टाइम्स के फेसबुक पेज से जुड़े रहे। आमजन के बीच रहकर की गई इस कवरेज को क्षेत्रवासियों ने सराहा और चुनावी समाचारों ने खूब सुर्खियां बटोरीं।
सरपंचाई चुनाव की रौचक अनसुनी झलकियां - शांतिपूर्ण चुनावोत्सव में: रिकाउंटिंग की उड़ी अफवाहें, सारी रात डटे समर्थको को पुलिस ने दौड़ाया, सुबह चार बजे प्रशासन ने ली राहत की सांस।
खबर की खास बातें (Quick Highlights)
• सरपंचाई चुनाव की रौचक अनसुनी झलकियां - शांतिपूर्ण चुनावोत्सव में
यह भी पढ़ें (Also Read)
धनतेरस पर श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे स्थाई एडीजे राजपाल सिंह, बार एसोसिएशन ने किया स्वागत