श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अक्टूबर 2026। दीपावली त्योहार को देखते हुए श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका ने आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आमजन के लिए जरूरी सूचना जारी की है। पालिका ने एनएच-11 पर हनुमान धोरा से घूमचक्कर होते हुए सेसोमूं स्कूल तक बनी सर्विस रोड, हाईवे के किनारों, मुख्य बाजार और बाजार के आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से सामान रखने, वाहन खड़े करने तथा ठेले लगाने वालों को 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। सर्विस रोड और आसपास के क्षेत्रों में सामान रखकर, वाहन खड़े करके या ठेले लगाकर रास्ते में बाधा उत्पन्न करना नियम विरुद्ध है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पालिका ने संबंधित लोगों को चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में सामान नहीं हटाने और वाहन नहीं हटाने पर नगर पालिका की ओर से सामान व वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। पालिका ने कहा कि इस कार्रवाई में होने वाले हर्जे-खर्चे की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी। नगर पालिका प्रशासन ने व्यापारियों, दुकानदारों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही सामान रखें और वाहन खड़े करें, ताकि दीपावली के दौरान बाजार में आवागमन सुगम बना रहे।