श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अक्टूबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति से टेऊ, सूडसर, दुलचासर, देराजसर और गोपालसर गांवों को हटाकर रीड़ी पंचायत समिति में शामिल करने के फैसले का विरोध एकबार फिर उठ खड़ा हुआ है। मंगलवार को इन गांवों के ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल को ज्ञापन सौंपा और इन गांवों को पुनः श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति में शामिल करने की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि परिसीमन का निर्णय लेते समय स्थानीय परिस्थितियों और आमजन की सुविधाओं की अवहेलना की गई। उनका कहना है कि गांवों की भौगोलिक स्थिति, आवागमन और लोगों की व्यावहारिक जरूरतों को समझे बिना लिया गया निर्णय ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है और आमजन को ये निर्णय स्वीकार नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि गांवों तक पहुंचते हैं, लेकिन ऐसे महत्वपूर्ण फैसलों में स्थानीय लोगों की राय को प्राथमिकता नहीं दी जाती है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इस निर्णय के आधार पर स्पष्टीकरण लिए जाने की मांग की तथा ग्रामीणों की आपत्तियों पर गंभीरता से विचार कर गांवों को वापस श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति में शामिल करने की मांग उठाई। ज्ञापन में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर विचार नहीं किए जाने पर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मतदान के बहिष्कार का निर्णय लेने की चेतावनी दी।
