श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 नवंबर 2026। धनतेरस के अवसर पर क्षेत्र के किसानों के लिए मूंगफली खरीद को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया 2 नवंबर से शुरू हो गई है। राजफैड की ओर से खरीद शुरू होने की तिथि जल्द घोषित किए जाने की संभावना है। इस बार किसान ऑनलाइन माध्यम से स्वयं भी अपना टोकन प्राप्त कर सकेंगे। किसान राजफैड की वेबसाइट अथवा ई-मित्र केंद्र के माध्यम से टोकन ले सकते हैं। प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए राजफैड द्वारा जनाधार नंबर के आधार पर ऑटो गिरदावरी प्राप्त करने की व्यवस्था शुरू की गई है। वहीं, एक जनाधार में शामिल दो या अधिक किसान भाइयों के नाम अलग-अलग गिरदावरी होने पर उनके नाम से दर्ज मूंगफली की तुलाई भी हो सकेगी। मूंगफली का समर्थन मूल्य 7517 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। नियमानुसार एक किसान से अधिकतम 40 क्विंटल मूंगफली की खरीद की जा सकेगी। इससे किसानों को अपनी उपज का समर्थन मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में छह खरीद केंद्र
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विभागीय अधिकारी भीकासिंह ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में मूंगफली खरीद के लिए छह केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें श्रीडूंगरगढ़ ए, श्रीडूंगरगढ़ मंडी, श्रीडूंगरगढ़ सी, सांवतसर, जोधासर और लिखमादेसर खरीद केंद्र शामिल हैं। खरीद शुरू होने की तारीख घोषित होते ही इन केंद्रों पर किसानों की उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी। टोकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के मूंगफली उत्पादक किसानों में समर्थन मूल्य पर उपज बेचने को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।