श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अक्टूबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ व रीड़ी पंचायत राज चुनावों में सियासी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। गांव-गांव नेताओं की आवाजाही बढ़ गई है और प्रत्याशियों के समर्थन में पार्टियों के नेता मैदान में उतरकर जीत के दावे कर रहे हैं। पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्यों के चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला लगातार मुखर हो रहा है। वहीं टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशी भी दलों के समीकरण बिगाड़ने की चुनौती दे रहे हैं। हर दल अपने काम, विचारधारा और भविष्य की योजनाओं को आधार बनाकर जनता के बीच समर्थन जुटाने में लगा है। गौरतलब है कि श्रीडूंगरगढ़ व रीड़ी में तीसरे चरण में चुनाव होंगे। पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। पंच व सरपंच पदों के लिए 4 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी तथा 5 नवंबर को मतदान करवाया जाएगा। उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को होगा।
कांग्रेस का दावा- जीत से विकास का नया युग होगा शुरू।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग शुक्रवार को ठुकरियासर पहुंचे और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगे। इस दौरान पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, राधेश्याम सारस्वत, पार्षद किशन नाई सहित प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की जीत को क्षेत्र के विकास से जोड़ते हुए दावा किया कि कांग्रेस को विजय मिलने पर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में विकास का नया युग शुरू होगा।
भाजपा का दावा- विकास के नए आयाम तय करेगा क्षेत्र।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान विधायक ताराचंद सारस्वत ने संभाल रखी है। सारस्वत शुक्रवार को रीड़ी, ऊपनी सहित चार गांवों के दौरे पर रहे। वहीं देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, जिला प्रभारी रेवंतसिंह राजपुरोहित व जिला महामंत्री दिलीपसिंह राजपुरोहित ने तोलियासर पहुंचकर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। भाजपा नेता गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की जीत के बाद क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करने का भरोसा दिला रहे हैं।
माकपा का दावा- क्षेत्र को नई दिशा देने का काम किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माकपा के चुनाव प्रचार की कमान पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने संभाल रखी है। महिया शुक्रवार को कोटासर, बापेऊ, राजेडू, लिखमीसर दिखनादा, लिखमीसर उत्तरादा व सांवतसर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से माकपा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए नहरी पानी, ट्रोमा सेंटर और किसानों को पूरी बिजली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। माकपा नेताओं का दावा है कि पार्टी ने क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए काम किया है और आगे भी गांवों के विकास की नई राह तय करेगी।
रालोपा का दावा- युवा शक्ति बदलाव के साथ विकास को देगी प्राथमिकता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी भी चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक रही है। पार्टी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने ग्रामीण अंचल में सभाएं कर समर्थन मांगा। वहीं क्षेत्र में प्रचार की जिम्मेदारी जिला प्रभारी दानाराम घिंटाला व डॉ. विवेक माचरा के दिशा-निर्देशन में प्रत्याशी स्वयं संभाल रहे हैं। रालोपा नेता युवा शक्ति को बदलाव का आधार बताते हुए क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता देने का दावा कर रहे हैं।
निर्दलीयों का दावा- दलों को जवाब देंगे, जनता के बीच रहेंगे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर चुनावी मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। निर्दलीय प्रत्याशी राजनीतिक दलों को जवाब देने और जनता के बीच रहकर काम करने के दावे के साथ प्रचार में जुटे हैं। रीड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में चार तथा श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में सात निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें मोमासर क्षेत्र में भाजपा से नाराज होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी विशेष चर्चा बटोर रहे हैं। ऐसे में प्रमुख दलों के सामने अपने परंपरागत मतों को सहेजने के साथ निर्दलीयों की चुनौती से निपटने की भी परीक्षा है।