श्रीडूंरगढ़ टाइम्स 31 अक्टूबर 2026। राजस्थानी जन-जागरण अभियान एवं बाल कहानी प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद बाल प्रतिभाओं को निरन्तर साहित्यिक मंच उपलब्ध करवाने की श्रृंखला में राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति की ओर से बाल दिवस के उपलक्ष्य में कविता वाचन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि प्रतियोगिता 15 नवम्बर, 2026 (रविवार) को प्रातः 10 बजे संस्कृति भवन में होगी। इसमें श्रीडूॅंगरगढ़ तहसील क्षेत्र के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के संयोजक साहित्यकार रवि पुरोहित ने बताया कि बच्चों में साहित्यिक अभिरुचि विकसित करने, उनकी अभिव्यक्ति क्षमता को निखारने तथा कविता के माध्यम से संवेदनशील सामाजिक दृष्टि विकसित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के विजेताओं को उसी दिन आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता शिक्षाविद्-साहित्यकार कमल किशोर पीपलवा करेंगे तथा गीतकार एवं बाल साहित्यकार शिवराज भारतीय मुख्य अतिथि होंगे। सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकार-चिंतक कपिला स्वामी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम दो विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतिभागी स्वरचित अथवा कवियों की श्रेष्ठ रचनाओं का वाचन कर सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को कविता वाचन के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। स्वरचित नहीं होने की स्थिति में कविता वाचन से पूर्व रचनाकार का नामोल्लेख अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में निर्णायकों का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य रहेगा।
प्रतियोगिता आयोजन की सहयोगी संस्था बागेश्वरी साहित्य, कला एवं सांस्कृतिक विरासत संस्था, बीकानेर के शकूर बीकाणवी के अनुसार प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 1100, 700 एवं 500 रुपये नकद राशि के साथ सम्मान-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पांच प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को संस्था की ओर से सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। समन्वयक भगवती पारीक 'मनु' ने बताया कि साहित्य की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने, बच्चों में पुस्तकों के प्रति अनुराग विकसित करने तथा उन्हें पठनीयता और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल है। इच्छुक विद्यालय एवं विद्यार्थी 11 नवम्बर, 2026 को सायं 5 बजे तक समन्वयक से संपर्क कर पंजीयन करवा सकते हैं।
बाल प्रतिभाओं को मिलेगा कविता वाचन का मंच, 15 नवम्बर को संस्कृति भवन में होगी प्रतियोगिता: प्रथम तीन स्थानों के विजेताओं को मिलेंगे नगद पुरस्कार और मेडल, 5 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार
खबर की खास बातें (Quick Highlights)
• बाल प्रतिभाओं को मिलेगा कविता वाचन का मंच, 15 नवम्बर को संस्कृति भवन में होगी प्रतियोगिता
यह भी पढ़ें (Also Read)
31 अक्टूबर 2026 के पंचांग के साथ पढें अनेक खास बातें पंडित विष्णुदत्त शास्त्री के साथ