श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 नवम्बर 2026। श्रीडूंगरगढ़ शहर में पेयजल व्यवस्था की बदहाली आमजन के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। कस्बे के बिग्गाबास स्थित वार्ड 21 में टोडरमल कुएं के आसपास के क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से लगातार काले और बदबूदार पानी की सप्लाई हो रही है। दूषित पानी की समस्या से परेशान मोहल्लेवासियों में जलदाय विभाग की अनदेखी को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। मोहल्लेवासियों सैयद चूनगर, सलीम, बाबूलाल, जुबैर, रफीक, वसीम, आसिफ बहलीम, सलीम छींपा सहित अन्य लोगों ने बताया कि पिछले 10 दिनों से घरों में नलों के जरिए काला एवं दुर्गंधयुक्त पानी पहुंच रहा है। इस पानी के उपयोग से बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के साथ इस तरह की लापरवाही से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन देकर जताया विरोध, प्रदर्शन की चेतावनी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दूषित पेयजल की समस्या से त्रस्त मोहल्लेवासियों ने मंगलवार को बाजार में जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। लोगों ने चेताया कि यदि जल्द ही स्वच्छ पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित नहीं की गई तो मोहल्लेवासी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

