श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2026। राजस्थान में अपने बच्चों के भविष्य के लिए, भ्रष्टाचार से छुटकारा पाने के लिए, किसान, युवा मजदूर के हित के लिए रालोपा को वोट दे कर मजबूत करो। ये आह्वान रालोपा सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने गांव रीड़ी में वीर बिग्गाजी मंदिर प्रांगण में आयोजित जनसभा में किया। बेनीवाल ने कांग्रेस व भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पड़ौसी राज्यों में आमजन का इनसे मोह भंग हो गया और अब राजस्थान की बारी है। अब जनता संघर्ष को, अपने साथ खड़े करने वाले को चुने। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस का कोई बड़ा नेता पंचायत चुनाव में नहीं आता क्योंकि ये मानते है कि समर्थक कहां जाएंगे सिंबल पर अपना वोट देंगे। परंतु इस क्षेत्र ने तीसरे फ्रंट को पहले भी चुना है और आगे भी चुनकर ये बता देंगे कि यहां के लोग वीर राजस्थान के सपूत है। बेनीवाल ने बदलती सामाजिक परंपराओं पर चिंता जताते हुए संसद में बेटी के विवाह में माता पिता की अनुमति को अनिवार्य करने की मांग उठाने की बात कही। उन्होंने लोकदेवताओं के जयकारे से अपनी बात शुरू की और जिला परिषद प्रत्याशी वार्ड 39 की प्रत्याशी अनिता विक्की माचरा व प्रतिनिधि डॉ विवेक माचरा सहित सभी रालोपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। इस दौरान डॉ विवेक माचरा ने बेनीवाल का स्वागत किया व जनता ने सदैव उनके साथ अग्रिम पंक्ति में खड़े रहने की बात कहते हुए समर्थन मांगा। माचरा ने सभी का आभार जताया। मंच पर रेखाराम मेघवाल, जिला प्रभारी दानाराम घिंटाला सहित प्रत्याशियों का स्वागत सम्मान किया गया। सभा में रीड़ी पंचायत समिति क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा व ग्रामीण शामिल हुए। रीड़ी से बेनीवाल सहित उनका काफिला ठुकरियासर व पूनरासर में सभाएं करने के लिए रवाना हुए है।
बेनीवाल ने इनके लिए मांगे वोट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सांसद हनुमान बेनीवाल ने वार्ड 39 जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी अनिता विकास माचरा, वार्ड 40 के भंवरलाल मोहनलाल, वार्ड 41 में चांदा पुसाराम सहित पंचायत समिति वार्ड 2 के ओमवीर, वार्ड 3 के कोमल विजयपाल कालवा, वार्ड 4 के सुरजा रामकिशन, वार्ड 5 में राजूराम रामचंद्र, वार्ड 6 में जेठी तोलाराम, वार्ड 7 में शांति भानीराम, वार्ड 8 पूर्णाराम धर्माराम, वार्ड 10 मघीदेवी डालाराम, वार्ड 11 में भंवरी मुन्नीराम, वार्ड 12 में मंजूदेवी खियांराम, वार्ड 13 में निरमा गोपालराम, वार्ड 14 में मेघाराम मालाराम, वार्ड 15 बजरंगलाल खुमदास, वार्ड 16 में प्रभुराम मुकनाराम, वार्ड 17 में केसुराम शिवकरण के लिए वोट मांगे है।
भ्रष्टाचार पर साधा निशाना, कहा हमउम्र गले मिलो।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सांसद हनुमान बेनीवाल ने भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए भाजपा व कांग्रेस दोनों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि रालोपा मजबूत हुई तो भ्रष्टाचारियों को बार्डर पार छोड़ देंगे। मंच पर एक प्रत्याशी द्वारा बेनीवाल के पैर छुने पर उन्होंने उसे गले लगाते हुए कहा कि आमजन ये समझे कि नेता भगवान नहीं होते है। केवल युवा ही बड़ा भाई मानकर पैर छुए, हमउम्र उनसे गले मिले। उन्होंने कहा कि हम सब साथ मिलकर आरएलपी को मजबूत करेंगे।




