July 21, 2026
05d349f1-27c6-4087-ba0c-fe6a18a1be48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 फरवरी 2021। अयोध्या रेलवे स्टेशन भी राममय दिखेगा व आने वाले समय मे यहां हर दिन 1 लाख यात्रियों की आवाजाही होने की संभावनाओं को देखते हुए इसे भव्य व सुविधाओं युक्त बनाया जा रहा है। अयोध्या रेलवे स्टेशन की कायाकल्प के लिए पिछले साल से ही कार्य शुरू कर दिया गया था। भविष्य में इस नगरी की महत्ता को ध्यान में रखते हुए अयोध्या रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण करते हुए नवीन और आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में निरन्तर प्रयास चल रहे है ताकि आगामी समय में सम्पूर्ण विश्व को आकृष्ट करते हुए इस स्टेशन पर आवागमन करने वाले श्रृद्धालुओं और पर्यटकों को उच्च मानकों से सुसज्जित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों।
दिखेगी राम मंदिर की झलक
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस रेलवे स्टेशन के डिजाइन में राम मंदिर की झलक दिखाई देगी। इसे मंदिर का ही स्वरूप् दिया जा रहा है। स्टेशन भवन के गुबंद मंदिर की आकृति लिए हुए होंगे। प्रोजेक्ट पूरा होने पर अयोध्या एक दिन में एक लाख यात्रियों की आवाजाही वाला यह स्टेशन उत्तरप्रदेश का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन बन जाएगा। नवंबर 2020 तक इसके लिए 35 करोड रुपये दिए जा चुके हैं। हाल के बजट में इसके लिए अलग से 50 करोड़ रुपयों का बंदोबस्त किया गया है। अयोध्या रेलवे स्टेशन भवन के लिए वितीय वर्ष 2017-18 में 80 करोड रुपए की स्वीकृति दी थी जिसे बढाकर 104.77 करोड रुपएकर दिया गया है। इस स्टेशन भवन का निर्माण रेलवे की राइट्स कर रहा है।

मिलेगी ये आधुनिक सुविधाएं
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इस रेलवे स्टेशन के भवन का निर्माण दो चरणों में होगा, प्रथम चरण में प्लेटफॉर्म संख्या 1 व 2/3 में विकास कार्य, वर्तमान सरकुलेटिंग एरिया का विकास व् होल्डिंग एरिया का विकास और दूसरे चरण में नए स्टेशन भवन का निर्माण व् अन्य सुविधाओं का निर्माण कार्य किया जाएगा। इन सुविधाओं के अन्तर्गत स्टेशन के आंतरिक एवम् बाह्य परिसर का नवीनीकरण करते हुए स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं में वृद्धि जैसे टिकट काउंटर की संख्या विस्तार, प्रतीक्षालय सुविधा विस्तार, वातानुकूलित 03 विश्रामालय, 17 बेड वाली पुरुष डॉरमेट्री प्रसाधन सहित, 10 बेड वाली महिला डोरमेट्री प्रसाधन सहित, एक अतिरिक्त फुट ओवर ब्रिज, फूड प्लाजा, दुकानें, अतिरिक्त शौचालय सहित अन्य वांछित सुविधाओं को उपलब्ध कराने की दिशा में निरन्तर प्रगति कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त स्टेशन पर पर्यटक केंद्र, टैक्सी बूथ, शिशु विहार,वी. आई. पी. लाउंज, सभागार तथा विशिष्ट अतिथि गृह समेत अनेक अन्य वांछित सुविधाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित किया जाएगा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा अयोध्या का रेलवे स्टेशन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ऐसा बनेगा अयोध्या का रेलवे स्टेशन।