




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 15 अगस्त, बीकानेर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के साथ बीकानेर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। विधायक ने अपने आवास पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगा फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्र सम्मान का संदेश दिया। इसके बाद मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री एवं बीकानेर के विधायकगण के साथ सहभागिता की। पीएम ई-बस सेवा के तहत बीकानेर को मिली सौगात के अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ 5 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान में आयोजित ‘विकसित भारत @2047’ युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से शिक्षा, कौशल, रोजगार एवं नवाचार सहित विकसित भारत के लक्ष्य पर चर्चा की। भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर चर्चा की। विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों ने राष्ट्रभक्ति, विकास और युवा शक्ति के संकल्प को और मजबूत किया।












