July 30, 2026
008-vinod-giri

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश भर में संतों-महंतों का सम्मान किया गया। जिले के 14 प्रमुख संतों एवं महंतों का सम्मान एवं अभिनंदन भी इस दौरान किया गया। ‘गुरु वंदन संदेश’ कार्यक्रम के तहत संतों-महंतों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेषित ‘गुरु वंदन संदेश’, श्रीफल, शॉल, दुपट्टा, मिठाई तथा 2,100 रुपए सम्मान राशि भेंट की गई।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने गुरु सोमनाथ जी के दर्शन कर लिया संत आशीर्वाद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विधायक ताराचंद सारस्वत लिखमादेसर पहुंचे और गुरु सोमनाथ जी महाराज के चरणों में गुरु वंदन करते हुए संत का आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक ने गुरु महाराज को शॉल एवं श्रीफल भेंट किए। मुख्यमंत्री द्वारा गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में प्रेषित शुभकामना संदेश एवं पत्र का वाचन कर उसे गुरु महाराज को समर्पित किया। विधायक सारस्वत ने भारत की सनातन संस्कृति में गुरु का सर्वोपरि स्थान बताया। इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, महेश राजोतिया, सीताराम सोनी, भवानी प्रकाश, देवस्थान विभाग के अधिकारी, श्रद्धालुगण एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुकाम धाम पहुंचे बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, लिया संत आशीर्वाद
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नोखा स्थित मुकाम धाम पहुंचकर मुकाम पीठाधीश्वर पूज्य रामानंद जी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सुथार ने गुरु के आशीर्वाद को जीवन में सत्य, सेवा, संस्कार और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देने वाला बताया। मुकाम धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मागुसिंह राठौड़, सुरेश बिश्नोई, नवरतन राजपुरोहित, भरत सुथार, लालचंद तथा हनुमान बिश्नोई भी उपस्थित रहे।