






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 जुलाई 2026। लूणकरणसर के गांव हंसेरा में सोमवार रात श्रीडूंगरगढ़ के गांव कुंतासर निवासी मुलाराम पुत्र हीराराम जाट की हत्या के आरोप में मंगलवार को मामला दर्ज हो गया है।
मृतक के भाई कुंतासर निवासी हेमाराम पुत्र हीराराम जाट ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसका भाई मूलाराम शादीशुदा था व उसकी दो बेटियां व एक बेटा है। बेटियां विवाहित है व उसकी पत्नी का देहांत होने पर वह अपने बेटे के साथ हंसेरा निवासी विद्यादेवी पुत्री परमाराम जाट के साथ बतौर लिवइन में रहने लगा। विद्यादेवी का भी अपने पति से तलाक हो चुका था और उसके तीन बच्चे है।
परिवादी ने बताया कि मृतक ने करीब एक माह पहले उसे बताया कि विद्यादेवी से उसकी अनबन चल रही है और वह उसे जान से मारने की धमकी दे रही है। अब वह उसके साथ रहना ही नहीं चाहता है। दिनांक 6 जुलाई 2026 को मुलाराम अपनी बहन के यहां गांव रीड़ी गया हुआ था। मृतक की दिन में करीब 10 बजे परिवादी के बेटे भंवरालाल से फोन पर बात हुई, और उसने अपने पुत्र मुकेश को लाने विद्यादेवी के पास जाने की बात कही। मुलाराम उसी शाम करीब छह सात बजे विद्यादेवी के खेत पहुंचा और विद्यादेवी व उसकी बेटियां प्रियंका, पूनम व सुरेंद्र ने एकराय होकर लाठी डंडो से पीट पीट कर उसकी हत्या कर डाली। परिवादी ने बताया कि मुलाराम अपने पुत्र को उनसे छुड़वाना चाहता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


