






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जुलाई 2026। ग्राम पंचायत कुंतासर में मंगलवार को आयोजित ग्राम सेवा शिविर का प्रभारी सचिव हेमंत गैरा एवं जिला कलक्टर निशांत जैन ने निरीक्षण किया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को उपलब्ध कराया गया तथा राजस्व संबंधी प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में 10 परिवारों को आवासीय पट्टे जारी किए गए। इसके अलावा छह खातों का विभाजन तथा 34 खातों में नाम शुद्धिकरण की कार्रवाई पूरी की गई। पट्टे प्राप्त करने वाले लाभार्थियों एवं खाता विभाजन से लाभान्वित ग्रामीण हेमाराम, तुलछाराम, रामकरण, खाता विभाजन होने पर फुसाराम, तेजाराम, शेराराम, भंवरीदेवी, मूलाराम, मांगीलाल सहित अन्य परिवारों ने प्रशासन और राजस्व विभाग का आभार व्यक्त किया। स्वास्थ्य विभाग ने पोषण किट का वितरण किया। पशुपालन विभाग ने मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसियां वितरित कीं, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल समस्या उठाई। इस पर प्रभारी सचिव हेमंत गैरा ने बताया कि कुंतासर के लिए कंवरसेन लिफ्ट परियोजना के तहत नहरी पेयजल योजना पूर्व में स्वीकृत है। योजना के अंतर्गत 200 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी एवं पंप हाउस का निर्माण किया जाएगा, जिससे कुंतासर, रेवाड़ा सहित आसपास के गांवों में नहरी पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों को तीन दिन में सर्वे कर खराब ट्यूबवेलों की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारू करने के निर्देश भी दिए। जिला कलक्टर निशांत जैन ने अधिकारियों से कहा कि ग्राम सेवा शिविर से एक दिन पहले ही लाभार्थियों का चिन्हीकरण कर अधिकतम पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। शिविर में उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, विकास अधिकारी मनोज कुमार धायल, ग्राम विकास अधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।











