









श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 सितंबर 2026। क्षेत्र के गांव जाखासर की आम गलियों व सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइटें लगवाने के बाद गांव के समाजसेवी व दानदाता पूनमचंद सुथार ने अंधेरी ढाणियों में रोशनी भरने का काम किया है।
सुथार ने बिजली से वंचित ढाणियों में रहने वाले 175 परिवारों की मदद के लिए सोलर पैनल दिया। जिसमें एक सेट में तीन बल्व है और एक यूएसबी पोर्ट है, जिसमें फोन भी चार्ज किया जा सकता है। गांव की युवा टीम ने बताया कि रोही में सालभर ढाणियों में रहने वाले ऐसे परिवार, जो बिजली की सुविधा से वंचित हैं, उन्हें इस पहल से रात के समय रोशनी की सुविधा मिल सकेगी। सुथार ने बताया कि गांव के सक्रिय युवा महावीर सुथार, मांगीलाल सऊ, हरलाल सियाग, कालूराम पंवार, भूराराम रोलन, ओमप्रकाश सारण, जितेंद्र सिंह, शिवपाल सिंह राठौड़, नेताराम नायक, दुलाराम पंवार के दल ने इस कार्य को संपन्न किया। टीम ने गांव की करीब 175 स्थायी ढाणियों तक सोलर लाइटें पहुंचाई। सुथार ने बताया कि ढाणियों में रहने वाले लोगों को अंधेरे से राहत दिलवाने व उनकी रोजमर्रा के जीवन को और कामों को सुविधाजनक बनाने के लिए ये कार्य किया गया है। इन ढाणियों में अब रात को खाना बनाने वाली माताओं-बहनों के साथ ही पढ़ाई करने वाले बच्चों को भी लाभ मिल सकेगा। ग्रामीणों ने इस पहल को जरूरतमंद परिवारों के लिए उपयोगी बताते हुए सराहना की व दानदाता पूनमचंद सुथार का आभार जताया।








