









श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 सितम्बर 2026। आमजन की समस्याओं के स्थानीय स्तर पर समाधान और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 27 सितंबर, रविवार को पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ में सेवा सेतु अभियान शिविर आयोजित होगा। राज्य सरकार के विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों में योजनाओं की जानकारी, पंजीयन, लाभ वितरण तथा लंबित प्रकरणों एवं परिवेदनाओं के निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है। राज्य सरकार के अनुसार सेवा सेतु अभियान 28 सितंबर तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है। भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के समाधान के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं नवनिर्वाचित नगर पालिका चेयरमैन नारायण कलाणी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन एवं कृषि, विद्युत एवं जल, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों और प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। राज्य सरकार ने भी सेवा सेतु शिविरों में लंबित मामलों एवं आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया है।







