


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अगस्त 2026। क्षेत्र में अनेक सरकारी स्कूल जर्जरावस्था के कारण आधारभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहें है। ऐसे में शिक्षा विभाग ही नहीं आमजन भी इसके लिए चिंतित है। कई गांवो में स्कूल स्टाफ द्वारा ग्रामीण दानदाताओं से संपर्क कर स्कूल में सहयोग के लिए आग्रह किया जा रहा है।
गांव सेरूणा में शुक्रवार को दानदाताओं द्वारा करवाए गए नवनिर्माण का उद्घाटन किया गया। गांव के राउमावि में गोपालराम गोदारा ने अपनी माता अन्नीदेवी व पिता नरसाराम गोदारा की स्मृति में एक नए कक्षाकक्ष का निर्माण करवाया है। वहीं एक बड़े स्टोर रूम का निर्माण सतवीरसिंह पचार ने अपनी माता लिछमा देवी की स्मृति में करवाया। दानदाता रघुनाथसिंह चौधरी ने बालिकाओं के लिए नए शौचालयों का निर्माण करवाया। शुक्रवार को नवनिर्मित भवनों का दानदाताओं ने लोकार्पण समारोह पूर्व किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर व भामाशाह हड़मानाराम गोदारा शामिल हुए। पूनियां ने कहा कि शिक्षा ही वह प्रकाश है, जो अज्ञानता के अंधकार को दूर कर समाज, राष्ट्र और मानवता को नई दिशा देती है। जब हम किसी सरकारी विद्यालय के विकास में अपना सहयोग देते हैं, तब हम केवल उस स्कूल के बच्चों की पढ़ाई में सहयोगी नहीं बनते, बल्कि उनके सपनों, उनके आत्मविश्वास और देश के भविष्य में निवेश करते हैं। पूनियां ने दानदाताओं का आभार जताया। वहीं स्कूल प्रधानाचार्य मृदुला चौधरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भामाशाहों के सहयोग को स्कूल की जरूरत बताया। स्कूल परिवार ने तीनों भामाशाहों का फूलमाला, साफा पहना कर स्वागत किया व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उपप्राचार्य हजारीमल बाना ने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, बोर्ड परीक्षा व खेलों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों के विषय में जानकारी दी। बाना ने ग्रामीण दानदाताओं से स्कूल से जुड़कर सहयोगी बनने की अपील करते हुए कहा कि इससे गांव का शैक्षणिक विकास होगा जो जीवन का आधार है। इस मौके पर गांव के अनेक मौजिज लोग, एसएमसी सदस्य, स्कूल स्टाफ व सभी विद्यार्थी मौजूद रहें।








