August 24, 2026
WhatsApp Image 2026-08-23 at 12.08.46

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स विशेष जरूर पढें चुनावी चटकारे

एआई के दौर में इस बार निकाय चुनाव के रंग बदले बदले नजर आ रहे है। सोशल मीडिया पर पोस्टर में नेता इतने कि मतदाता भी कन्फ्यूज हो जावें कि कौन असली, कौन AI वाला?

जी हां, निकाय चुनाव आते ही शहर की गलियों में उम्मीदवारों की चर्चा शुरू हो गई है, लेकिन इस बार चुनावी माहौल में एक नया ट्विस्ट है—AI ने घर घर में उम्मीदवार खड़े कर दिए हैं! पहले जब AI का जमाना नहीं था, तब वही नेता पोस्टर डिजाइन करवाता था जो वास्तव में चुनाव लड़ रहा होता था। मोहल्ले में भी लोग जानते थे कि फलां वार्ड से फलां व्यक्ति मैदान में है। लेकिन अब जमाना बदल चुका है। AI की मेहरबानी से हर गली, हर मोहल्ले और लगभग हर घर से कोई न कोई भावी पार्षद नजर आने लगा है। सुबह सोशल मीडिया खोलते ही नए-नए पोस्टर सामने आते हैं—कहीं नेता जी जनता के बीच हाथ जोड़ रहे हैं, कहीं बुजुर्गों का आशीर्वाद ले रहे हैं, तो कहीं ऐसी भीड़ के बीच दिखाई दे रहे हैं, जिसमें असल जिंदगी के मोहल्ले के चार लोग भी शामिल न हों। हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि असली उम्मीदवार को पहचानने के लिए अब उसके पोस्टर से ज्यादा जरूरी है, मोहल्ले में जाकर उसका घर ढूंढना। कई भावी उम्मीदवारों ने तो AI से ऐसे पोस्टर बनवा लिए हैं, जिन्हें देखकर लगता है, कि वे वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं। किसी पोस्टर में हजारों की भीड़, किसी में बड़े नेताओं के साथ मुलाकात और किसी में जनता के बीच ऐसा जनसैलाब नजर आता है कि मतदाता सोचने लगता है कि—“इतनी भीड़ कब हुई, हमें तो पता ही नहीं चला!”

पुराने जमाने में उम्मीदवार बनने के लिए कार्यकर्ताओं की जरूरत पड़ती थी, अब एक मोबाइल, एक फोटो और AI का सहारा काफी है। चुनावी जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में स्थिति और मजेदार हो सकती है। संभव है कि मतदान केंद्र पर मतदाता असली उम्मीदवार की फोटो लेकर पहुंचे और बोले—“साहब, इनमें से असली वाला कौन है? बाकी तो AI ने बनाए हैं!”

श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका चुनावों में चुनावी चटकारे, चुनावी अपडेट, राजनीतिक दलों की खबरों सहित सभी चुनावी अपडेट्स के लिए जुड़े रहें आप श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ..