July 21, 2026
0b86eb24-505c-47cb-b4ff-c03c43d67f94

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 सितम्बर 2020। ढाई वर्ष पूर्व बछड़ी बेच देने के बाद जब बछड़ी गाय बनी तो पूर्व मालिकों की नियत बिगड़ गई एवं वापस लेने के लिए पति पत्नी ने दलित महिला को पीट कर उससे गाय छीन ली। परेशान महिला ने बुधवार को पुलिस के पास पहुंची एवं न्याय की गुहार लगाई। ऐसा ही मामला देखने को मिला है तहसील के गांव मोमासर में। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि मोमासर निवासी विमला नायक ने करीब ढाई वर्ष पूर्व इसी गांव के मदनलाल सोनी से दो साल की बछड़ी को खरीदा था एवं अब वह बछड़ी गाय बन गई है। यह गाय 6 सितम्बर को ब्याई तो मदनलाल सोनी एवं उसकी पत्नी संतोष देवी उसे वापस लेने के लिए विमला नायक के घर पहुंच गए। आरोपियों ने गाय वापस ले जाने की बात कही तो विमला देवी ने विरोध किया। इस पर आरोपियों ने उसके साथ लाठियों से मारपीट कर गाय को जबरदस्ती अपने साथ ले गए। विमला देवी ने आरोपियों के खिलाफ जातीसूचक गालियां देने, लज्जा भंग करने का आरोप लगाते हुए श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया है।