July 19, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 मार्च 2022। आज विधानसभा में बोलते हुए विधायक गिरधारी लाल महिया ने बिजली विभाग द्वारा किसानों के कनेक्शन नहीं काटने व ट्रांसफार्मर नहीं उतारने का मुद्दा उठाते हुए सरकार से बीकानेर जिले में रबी की फसल पकने के समय इस कार्रवाई को रोकने की मांग की। महिया ने विधानसभा के नियम 295 के तहत विशेष उल्लेख प्रस्ताव के माध्यम से कहा कि श्रीडूंगरगढ़ सहित बीकानेर जिले में इस समय फसल पकाव पर है। ऐसे समय में विद्युत विभाग का दस्ता बकाया बिलों के भुगतान के नाम पर किसानों के कृषि कनेक्शन काटने व ट्रांसफार्मर उतारने की कार्रवाई कर रहा है जिससे किसानों के खेतों में खड़ी फसल खराब हो रही है। महिया ने कहा कि अगर विद्युत विभाग इस समय कार्रवाई करेगा तो किसान अपनी खेती का लागत मूल्य भी निकाल नहीं पाएगा और विभाग का बकाया भी नहीं चुका पाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल पकाव तक विद्युत विभाग की कार्रवाई से राहत देकर बकाया में पेनल्टी व ब्याज पर छूट की अवधि भी बढ़ाई जावें। ताकि फसल निकालने के बाद किसान छूट का फायदा उठाकर निगम का बकाया चुका सकें।

एसएफआई का जयपुर में प्रदर्शन, छात्रों के बीच पहुंचे विधायक महिया व पूनियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छात्र संगठन एसएफआई के छात्रों ने आज विधानसभा का घेराव किया। यहां प्रदेश भर से आए छात्र नेता सेना भर्ती शीघ्र करने, राज्यभर के महाविद्यालयों में छात्रवास व भवन निर्माण करने, एनसीसी लागू करने, रिक्त पदों को भरने, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए कठोर कानून बनाने, बेरोजगारों को बिना शर्त बेरोजगारी भत्ता देने सहित अनेक मांगे कर रहें थे। यहां भारी पुलिस जब्ता तैनात रहा तथा श्रीडूंगरगढ़ से भी बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे। बीकानेर से जिलाध्यक्ष मुकेश ज्याणी व अनिल बारूपाल ने छात्रों को सम्बोधित किया। श्रीडूंगरगढ़ से ओमसिंह राजपूत, गोपी पूनिया, भौमिक आचार्य, नवरत्न कूकना, कैलाश मेघवाल, मघाराम मेघवाल, श्याम ओझा सहित अनेक छात्र पहुँचे। यहां प्रदर्शन के बीच माकपा विधायक गिरधारी महिया व बलवान पूनिया भी पहुंचे व छात्रों की मांगों को विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया।