




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2026। आज जब चारों ओर नैतिक मूल्यों की गिरावट से सामाजिक चिंतक परेशान है, ऐसे समय में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्रवासियों की मानवता भरी खबरें सुकून बनकर सामने आती है।
शहर में एक बुजुर्ग ने ईमानदारी का परिचय दिया और बैंक से मिले हजारों रूपए तुरंत बैंक में लौटाए। कालूबास निवासी बजरंग पुरोहित आज सुबह पीएनबी बैंक गए। पुरोहित घास मंडी स्थित पीएनबी बैंक की शाखा में पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी पेंशन के 4 हजार रूपए निकालने का आवेदन दिया। बैंक कार्मिक ने 4 की जगह 40 हजार रूपए उन्हें दे दिए। पुरोहित ने रूपए सीधे थैले में लिए। दुकान आकर थैला खोला तो रूपए बहुत अधिक लगे। रूपए गिने तो 40 हजार निकले। पुरोहित उल्टे पांव बैंक लौट गए और बैंक अधिकारी दिनेश कुमार से मुलाकात कर 4 की जगह 40 हजार मिल जाने की बात बताई। उन्होंने रूपए अधिकारी को लौटा दिए और दिनेश कुमार सहित बैंक कार्मिक ने उनकी ईमानदारी की सराहना करते हुए आभार जताया।





