August 11, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अगस्त 2026। श्रीडूंगरगढ़ शहर से सटे हुए हाइवे पर मुख्य ट्रेक के पुनर्निमाण का कार्य किया जा रहा है। नेशनल हाइवे अथॉरिटी द्वारा किए जा रहें इस कार्य में मुख्य ट्रेक के अतिरिक्त सड़क को शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में झंवर बस स्टैंड के जैसलसर मोड़ व कालू तिराहे रोड पर ये बड़ी खामी बन गई है, जो नागरिकों की जान पर भारी पड़ रही है।
झंवर बस स्टैंड के पास स्थिति चिंताजनक है। यहां जैसलसर मार्ग मोड़ पर रविवार शाम को अंधेरा छा जाने के बाद रात 12 बजे तक एक के बाद एक 8 बाइके स्लीप हुई। जिससे एक महिला व एक बुजुर्ग सहित 9 जने चोटिल हुए, जिनमें तीन गंभीर घायल हुए। यहां झंवर बस स्टैंड से जैसलसर की ओर जाने वाले मार्ग पर मुख्य ट्रेक के बाद करीब ढाई फुट की सड़क मुख्य सड़क से नीचे रह गई है। जिससे यहां बाइक सवार अंधेरे में इसे देख नहीं पाए और गिर कर चोटिल हुए।
रविवार शाम को यहां बाइक स्लीप होने से गिरा एक युवक जयधरू घायल हुए। वहीं शिवभगवान सिखवाल चोटिल हुए। एक महिला राखी के सिर में गंभीर चोट आई और उपजिला अस्पताल में पांच टांके लगाए गए। यहां पास ही रहने वाले राजवीर सांखला ने नाराजगी जताते हुए बताया कि एनएचए की ये लापरवाही खतरनाक साबित हो रही है। रविवार को यहां 8 जने घायल हुए। सांखला ने बताया कि एक बाइक के पीछे बजरी से भरा डंपर चल रहा था और गिरने के बाद करीब एक फुट दूर रूके इस डंपर से घायल चालक बाल बाल बचा। एक बाइक स्लीप होने से दूधवाला गिरा जिससे पूरा दूध हाइवे पर फैल गया और वह चोटिल हुआ। आस पास के दुकानदारों ने भी नाराजगी जताई है।
आपणों गांव सेवा समिति के अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित रात करीब 12 बजे मौके पर पहुंचे व यहां तीन पिलर लगवाएं गए। जतनसिंह ने बताया कि झंवर बस स्टैंड का ये मोड़ तीखा मोड़ है। घुमाव होने के कारण मुड़ते हुए सड़क का पता नहीं चलता और बाइकें स्लीप हो रही है। उन्होंने बताया कि यहां करीब 10 पिलर लगाए जाने की जरूरत है और एनएचआई को इसे तुरंत संज्ञान लेकर दुरस्त करवाया जाना चाहिए।
वहीं नेशनल हाइवे अथॉरिटी के इंजीनियर जिनकी देखरेख में कार्य हो रहा है, शशि शर्मा ने टाइम्स को बताया कि इसे आज या कल में ही दुरस्त करवा दिया जाएगा। यहां मैटेरियल डलवा कर रास्ते से स्लॉब ठीक कर दिया जाएगा। जिससे बचाव हो सकेगा।