श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2026। निकटवर्ती गांव लोडेरा की रोही में तीन बालकों की सजगता और साहस से एक हिरण की जान बच गई। कुत्तों के झुंड से बचने के प्रयास में हिरण खेत की तारबंदी में फंस गया था और कुत्तों ने उसे घेर लिया था। इस दौरान बालकों ने हिम्मत दिखाते हुए हिरण को कुत्तों के चंगुल से मुक्त कराया तथा वन विभाग को सूचना दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार गणेश व जसराज पुत्र देवाराम बिरट तथा उनके भांजे निर्मल जाट ने रोही में एक हिरण का पीछा करते हुए कुत्तों को देखा। जान बचाने के प्रयास में हिरण खेत की फेंसिंग में फंस गया, जिसके बाद कुत्तों ने उसे घेर लिया। मौके की गंभीरता को समझते हुए तीनों बालकों ने बिना देर किए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया तथा हिरण को कुत्तों से सुरक्षित मुक्त करवाया। इसके बाद बालकों ने तत्काल वन हेल्पलाइन पर सूचना दी। सूचना के बाद उनकी बात सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह से करवाई गई। सहायक वन संरक्षक ने तुरंत रेस्क्यू वाहन को मौके पर भेजा, जहां वन विभाग की टीम ने हिरण का सुरक्षित रेस्क्यू किया। सत्यपाल सिंह ने बालकों की सजगता, साहस और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनकी जागरूकता को बेजुबान जीव के लिए जीवनदायी बताया।

