


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अगस्त 2026। छोले कुलचे की फ्रेंचाईजी देने के नाम पर गुजरात के एक दंपती ने श्रीडूंगरगढ़ के व्यापारी से साढ़े सात लाख रूपए की ठगी कर ली है।
थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव ने बताया कि कस्बे के निवासी प्रमोद कुमार पुत्र लीलाधर बोथरा ने सूरत निवासी शेरे सौरभ राव हेमंतराव व उसकी पत्नी वैभवी शेरे के खिलाफ धोखाधड़ी कर 7,50,000 रूपए हड़प लेने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।
परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसका भाई अशोक कुमार सूरत में व्यवसाय करता है। परिवादी वहां गया हुआ था और उसके भाई के पास भरूच गुजरात निवासी शेरे सौरभ राव हेमंतराम आता जाता था। मार्च 2026 के प्रथम सप्ताह में सौरभ राव उससे मिला फूड फ्रेंचाईजी देने की बात कही। परिवादी ने श्रीडूंगरगढ़ आकर सौरभ राव से संपर्क किया तो सौरभ राव व उसकी पत्नी वैभवी ने उसे कुलचा क्राफ्ट की फ्रेंचाईजी देने की बात कही।
परिवादी ने कैफे वर्धयन के प्रोपराइटर शेरे सौरभ के बैंक खाते में एक लाख रूपए 26 मार्च 2026 को, 93 हजार रूपए 8 अप्रैल को, 97 हजार रूपए 10 अप्रैल को, ट्रांसफर किए। उसके बाद सौरभ के कहने पर उसकी पत्नी वैभवी शेरे की फर्म स्पाईस स्पेयर के खाते में 12 अप्रैल को 96 हजार रूपए, 14 अप्रैल को 64 हजार रूपए, 11 मई को 99,002 रूपए, 12 मई 1,51,000 रूपए, 14 मई 50 हजार रूपए भेजे। परिवादी ने बताया कि करीब 20 दिन पहले उसके भाई अशोक ने उसे बताया कि आपको छोला कुलचा क्राफ्ट फ्रैचाईजी का झांसा देने वाले सौरभ कुमार शेरे व वैभवी शेरे लेन देन के किसी मामले में भरूच जैल में बंद है। परिवादी ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ धोखाधड़ी कर छल कपट से उसके 7,50,000 रूपए अपने खातों में लेकर जालसाजी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई देवाराम को सौंप दी है।




