









श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 सितंबर 2026। जमीनों के विवाद क्षेत्र में लगातार बढ़ रहें है। कस्बे के कालूबास निवासी एक महिला ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंचकर अपने रिहायशी भूखंड पर कब्जा करने की नियत से उसके साथ मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने व लज्जा भंग का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। जिसकी जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक को दी गई है।
कालूबास में वार्ड एक निवासी छोटी देवी पत्नी भैराराम मेघवाल ने कालूबास निवासी नारायणसिंह और उसकी पत्नी, राजूसिंह, चैनरूप, मदन, तिलोकचंद के खिलाफ आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कालूबास में उसका एक रिहायशी भूखंड है। उसका पति मानसिक बीमारी से ग्रस्त है, और झगड़ालू प्रवृति के आरोपी उसके रिहायशी भूखंड से उसे जबरदस्ती बेदखल कर कब्जा करने की चेष्टा कर रहें है। आरोपी आए दिन उसे धमकियां देते है। 13 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी एकराय होकर उसके घर में घुसे और उसे जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। शोर सुनकर एकत्र हुए आस पास के लोगों ने उसे छुड़वाया। आरोपियों ने उसकी लज्जा भंग करते हुए उसे व उसके पति को मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक को दी है।





