August 14, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अगस्त 2026। किसान सम्मान निधि योजना में विभागीय लापरवाही का खामियाजा श्रीडूंगरगढ़ उपखंड क्षेत्र के करीब 100 किसान भुगत रहें है। इन किसानों के आवेदन पंजीयन के बाद तकनीकी गड़बड़ी के कारण इनका जिला बीकानेर के स्थान पर अन्य जिला प्रदर्शित हो गया। जिससे इन किसानों को योजना की सहायता राशि का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इस संबंध में जिला परिषद सदस्य व किसान नेता श्रीराम भादू ने जिला कलेक्टर निशांत जैन को पत्र भेजकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। भादू ने बताया गया कि प्रभावित किसान पिछले 2-3 वर्षों से समस्या के समाधान के लिए तहसीलदार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। परंतु उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस समस्या से प्रभावित अधिकांश किसान पूनरासर, जोधासर, गोपालसर, जैसलसर, जालबसर क्षेत्र के है। भादू ने बताया कि गलत जिला प्रदर्शित होने की समस्या का निस्तारण करने के लिए श्रीडूंगरगढ़ तहसीलदार कार्यालय की ओर से बीकानेर स्थित सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पिछले एक वर्ष में कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित कार्मिक की कथित लापरवाही के कारण अब तक किसानों के रिकॉर्ड में सही जिला दर्ज करने की कार्रवाई नहीं की गई। भादू ने जिला कलेक्टर से मामले में संज्ञान लेकर जिम्मेदार लोकसेवक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा किसानों के रिकॉर्ड में सही जिला दर्ज करवाकर उन्हें किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।