






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 4 अक्टूबर 2026। 70वीं राज्य स्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता में उदरासर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक हासिल किए। श्रीगंगानगर के स्पेगल पब्लिक स्कूल में 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित वुशू प्रतियोगिता में वैद्य मघाराम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदरासर की अर्चना और सुभाष ने पदक जीतकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। अंडर-19 छात्रा वर्ग के 70 किलोग्राम भार वर्ग में विद्यालय की खिलाड़ी अर्चना पुत्री दिवंगत ओमप्रकाश गोदारा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए अर्चना ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर राज्य स्तर पर यह मुकाम हासिल किया। उसकी उपलब्धि को लेकर विद्यालय एवं ग्रामीणों में विशेष उत्साह है। वहीं अंडर-19 छात्र वर्ग के 90 किलोग्राम भार वर्ग में सुभाष पुत्र गोपीचंद मोट ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वुशू कोच एवं शिक्षक श्रवण सारस्वत ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास के साथ मुकाबले खेले और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्राचार्य भूपेंद्र कुमार, व्याख्याता बजरंग लाल भीचर एवं बालिका टीम प्रभारी सुषमा सैन ने खुशी जताते हुए दोनों खिलाड़ियों का सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।







