






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अक्टूबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ के युवाओं की धमक खेल क्षेत्र में पूरे जोरों शोरों से प्रदेश भर में सुनाई दे रही है। 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक करौली के गज्जुपुरा में आयोजित हुई शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय सीनियर वर्ग खोखो प्रतियोगिता में भी क्षेत्र की बेटियों ने दमदार प्रदर्शन किया एवं प्रदेश स्तर पर उपविजेता बनी है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बीकानेर जिले की टीम को जयपुर की टीम ने हरा दिया, लेकिन फिर भी स्कूली नेशनल के लिए इन बेटियों में से चयन होने की पूरी संभावना है। विदित रहे कि बीकानेर जिले की टीम की 12 खिलाडियों में से 7 खिलाड़ी श्रीडूंगरगढ़ की है। क्षेत्र के गांव लखासर की निरमा खिलेरी, बसु खिलेरी, शिल्पा खिलेरी, प्रियंका कंवर, आइना कंवर, साईना कंवर व गांव गुंसाईसर की विद्या गोदारा ने जिला टीम में शामिल होकर प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया है। टीम के साथ दलाधिपति सरिता कुमारी एवं दल प्रभारी राधा खिलेरी ने उनका उत्साहवर्धन किया। प्रदेश स्तर पर उपविजेता बनने पर लखासर के ग्रामीणों ने बेटियों पर गर्व करते हुए खुशियां मनाई है।







