






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अक्टूबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे की एक युवती करीब 11 माह पहले अपने घर से गायब हो गई थी एवं परिजनों ने उत्तर प्रदेश के खुर्जा, बुलंदशहर निवासी युवक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। उस समय लड़की को पुलिस ने दस्तेयाब कर लिया था एवं परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। लेकिन वही युवती गत 18 अगस्त की रात्रि को पुन: अपने घर से गायब हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश भी की लेकिन कहीं नहीं मिली। बाद में चुनावों के समय परिजनों ने घर में अपने दस्तावेज संभाले तो पता चला कि युवती अपने व भाई-बहिन के शैक्षिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, माता-पिता के आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज व 15 हजार रुपए अपने साथ लेकर गई थी। अब बुधवार को युवती के पिता ने थाने पहुंच कर फिर से उसी युवक पर शक जताते हुए अपनी बेटी को बहला फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाया है एवं मामला दर्ज करवाया है। पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी थोड़ी भोली प्रवृति की है, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है एवं जांच हैडकांस्टेबल छाजूराम करेगें।






