


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 20 सितंबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के प्रसिद्ध तोलियासर भैरव मंदिर में भादवा माह की चौदस पर 25 सितंबर को आयोजित होने वाले मेले से पहले ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु तोलियासर पहुंचे और बाबा भैरव के दर्शन कर धोक लगाई। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना लगातार जारी है। भादवा चौदस के दिन तोलियासर में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले में श्रीडूंगरगढ़, बीकानेर, चूरू सहित दूर दूर से श्रद्धालु पहुंचते है।
भीड़ बढ़ने से पहले सुरक्षा इंतजामों की मांग
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए तोलियासर सरपंच प्रतिनिधि गिरधारी सिंह राजपुरोहित ने उपखंड प्रशासन से सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने मेला समाप्त होने तक पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने की मांग रखी है, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। राजपुरोहित ने बताया कि गत वर्षों से गंभीर अपराधों संबंधी घटनाए सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा मारपीट, छीनाझपटी और चोरी जैसी घटनाओं की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच अब प्रशासन के सामने मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती रहेगी। स्थानीय स्तर पर भी प्रशासन से समय रहते पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की अपेक्षा की जा रही है।








