


फसल बीमा क्लेम की मांग करते हुए भाकिसं ने बीमा फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारतीय किसान संघ तहसील इकाई श्रीडूंगरगढ़ एवं सूडसर की मासिक बैठक तहसील अध्यक्ष बजरंग धारणियां की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान को लेकर प्रशासन के समक्ष मांगें रखी गईं। संघ सदस्यों ने बताया कि समय पर बारिश नहीं होने के कारण खरीफ की बारानी फसलें नष्ट हो चुकी हैं, वहीं सिंचित फसलें भी संकट के दौर में हैं। ऐसे में प्रभावित किसानों को फसल बीमा क्लेम एवं आपदा सहायता राशि उपलब्ध करवाने की मांग की गई। साथ ही फसल कटाई प्रयोग समय पर करवाने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी श्रीडूंगरगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने ग्राम पंचायत पूनरासर में वर्ष 2018 से 2025 तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में कथित फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग भी उठाई गई। इस संबंध में दोषियों की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने तथा वास्तविक किसानों को उनका हक दिलाने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी श्रीडूंगरगढ़ एवं सहायक निदेशक कृषि विस्तार श्रीडूंगरगढ़ को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। इस दौरान बीकानेर जिला अध्यक्ष शंभू सिंह राठौड़, सूड़सर तहसील उपाध्यक्ष दुर्गनाथ सिद्ध, जिला कार्यकारिणी सदस्य श्रवण सिंह पुन्दलसर व बलवंत सेन, सांवतसर ग्राम अध्यक्ष मांगीलाल बिश्नोई सहित अरुण दर्जी, हुकमनाथ सिद्ध, केसरनाथ सिद्ध, रामेश्वरनाथ सिद्ध, रेवतनाथ सिद्ध, राजूराम चाहर, रामकिशन नाथ, सुभाषनाथ सिद्ध सहित किसान मौजूद रहे।


हिंदी दिवस पर भारती निकेतन में छात्राओं ने काव्य प्रतिभा का परिचय दिया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को भारती निकेतन शिक्षण संस्थान की गर्ल्स विंग में कविता वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का संचालन श्रीमती सीमा भोजक ने किया। छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर आधारित कविताओं का प्रभावी वाचन करते हुए अपनी काव्य प्रतिभा एवं अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका तरुण शर्मा, मोनू मारू एवं प्रभुराम सर ने निभाई। मूल्यांकन के आधार पर प्रियांशी दानोदिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। माया तावणियां एवं ममता कंवर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि ज्योति शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों विजेता छात्राएं कक्षा 12वीं कला वर्ग की हैं। प्रतियोगिता ने छात्राओं में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने का कार्य किया।








