


मरीजों की सेवा में एक और कदम, श्रीडूंगरगढ़ तेरापंथ युवक परिषद को मिली वाई पेप मशीन
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 सितंबर 2026। तेरापंथ युवक परिषद श्रीडूंगरगढ़ में मरीजों की सुविधा के लिए वाई-पेप मशीन की सुविधा शुरू की गई है। स्वर्गीय पांचीलाल सिंघी, स्वर्गीय फूलीदेवी एवं नेत्रदानी स्वर्गीय आशीदेवी सिंघी की पुण्य स्मृति में प्रतापमल, धनराज एवं प्रकाश सिंघी परिवार की ओर से भेंट की गई मशीन का लोकार्पण मालू भवन में हुआ।
डॉ. प्रवीण गुप्ता ने मशीन के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी तथा मरीज को मशीन लगाने व चालू करने में अपनी सेवा देने का आश्वासन दिया। तुलसी सेवा संस्थान के प्रशासक सूर्यप्रकाश गांधी ने कहा कि मशीन से रोगियों को लाभ मिलेगा। सिंघी परिवार ने मशीन की जिम्मेदारी ऑक्सीजन प्रभारी अशोक झाबक, तेयुप मंत्री पीयूष बोथरा एवं सहमंत्री सुमित बरड़िया को सौंपी। इस मौके पर सभा मंत्री प्रदीप पुगलिया, सभा सदस्य अशोक बैद, महिला मंडल अध्यक्षा मंजू बोथरा, उपाध्यक्ष मधु झाबक, मंत्री अंबिका डागा, चैनरूप नाहटा, त्रिलोकचन्द हीरावत, राजकरण तातेड, विजयराज सेठिया, के.एल. जैन सहित समाज के गणमान्य मौजूद रहे। अशोक झाबक ने भामाशाह परिवारों से ऑक्सीजन के बड़े सिलेंडर, लिफ्ट एवं मेडिकल बेड संस्था को भेंट करने का आग्रह किया। मंत्री पीयूष बोथरा ने दानदाता परिवार का आभार जताया।

27 सितम्बर को श्रीडूंगरगढ़ में सजेगा साहित्य का राष्ट्रीय मंच, डी.पी. पचीसिया व प्रियंका जोधावत होंगे सम्मानित
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति का वार्षिकोत्सव 27 सितम्बर को संस्कृति सभागार में साहित्यकार समारोह के रूप में आयोजित होगा। देशभर से साहित्यकार एवं विद्वान समारोह में शामिल होंगे और ‘कागज से स्क्रीन तक : सृजन की बदलती दुनिया’ विषय पर साहित्य के बदलते माध्यमों, तकनीक और नई संभावनाओं पर मंथन करेंगे। समिति के संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि समारोह में वर्ष 2026 के राष्ट्रीय सृजन पुरस्कारों के साथ विभिन्न सम्मान प्रदान किए जाएंगे। समाजसेवी एवं उद्योगपति डी.पी. पचीसिया को रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान तथा वरिष्ठ अधिकारी एवं कवयित्री प्रियंका जोधावत को ‘शब्द शिल्पी’ सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता कोटा कृषि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला डुकवाल करेंगी। जैन विश्व भारती डीम्ड विश्वविद्यालय, लाडनूं के कुलपति प्रो. बच्छराज दुगड़ मुख्य अतिथि तथा साहित्यकार-समालोचक डॉ. मदगोपाल लढ़ा मुख्य वक्ता होंगे। समारोह में विभिन्न साहित्यिक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।









