September 8, 2026
WhatsApp Image 2026-09-07 at 22.23.36

कल सुबह आधे शहर में चार घंटे होगी बिजली कटौती।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। धोलिया जीएसएस से बिजली की समस्या से परेशान शहर को राहत देने के प्रयास विभागीय स्तर पर तेज कर दिए गए है। रविवार को भी दिनभर ट्रिपिंग व शाम को लंबी कटौती से लोग बेहाल हुए। वहीं विभागीय अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को जीएसएस पर आए नए ट्रांसफार्मर का जरूरी कार्य पूरा किया जाएगा। जिसके चलते मंगलवार सुबह 6 बजे से 10 बजे तक कालूबास व आड़सर बास की बिजली कटौती होगी।

28 दिन बिग्गा जैसलसर का आरयूबी 11सी से आवागमन बंद रहेगा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रतनगढ़-बीकानेर रेलखंड पर बिग्गा-जैसलसर मार्ग में किमी 377/1-2 पर स्थित RUB संख्या 11C पर अनुरक्षण एवं ड्रेनेज सुधार कार्य किया जाएगा। इसके चलते 12 सितंबर 2026 से आगामी 28 दिनों तक RUB को वाहनों एवं आमजन के आवागमन के लिए पूर्णतया बंद रखा जाएगा। बंद अवधि के दौरान वाहन चालक आवागमन के लिए किमी 374/8-9 पर स्थित RUB संख्या 11BB अथवा किमी 383/2-3 पर स्थित RUB संख्या 11D का उपयोग कर सकेंगे। रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित अवधि में बंद मार्ग का उपयोग नहीं करें और वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करें।

विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक सोच और नवाचार की प्रतिभा, बनाए आकर्षक मॉडल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पीएमश्री राउमावि ताल मैदान में सोमवार को विज्ञान मेले का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने विज्ञान पर आधारित विभिन्न उपयोगी एवं आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेले में विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, तकनीकी नवाचार तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग से संबंधित मॉडल तैयार किए गए। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी अतिथियों एवं शिक्षकों को दी। विभिन्न प्रोजेक्ट्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान को दैनिक जीवन से जोड़ने का प्रयास किया। विज्ञान मेले का आयोजन प्रभारी शुभकरण एवं सहप्रभारी सुरभि पारीक के नेतृत्व में किया गया। विद्यालय की प्राचार्य नाजिमा अजीज ने मेले में प्रदर्शित मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके प्रोजेक्ट के संबंध में जानकारी ली और उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।