


पूनरासर रॉयल ने 7 रन से जीता फाइनल, महाकाल-11 रही उपविजेता
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव पूनरासर स्थित मां ब्रह्माणी क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित पूनरासर प्रीमियर लीग संस्करण-7 का शुक्रवार को फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पूनरासर रॉयल ने महाकाल-11 को 7 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले के बाद विजेता एवं उपविजेता टीम को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार दिए गए। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट केसर हुड्डा, बेस्ट बल्लेबाज हनुमान सिद्ध, बेस्ट विकेटकीपर रमेश सिद्ध, इमर्जिंग प्लेयर राकेश सिद्ध, यंगेस्ट प्लेयर करण पारीक तथा बेस्ट फील्डर किशन मोतिया को भी पुरस्कृत करते हुए सम्मानित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि युवा भाजपा नेता मांगीलाल गोदारा सहित प्रशासक प्रकाश नाथ, उत्तम नाथ, रामप्रसाद, रूप नाथ, शंकर सुथार, हरि सोनी, हनुमान गोदारा, तोलाराम हुड्डा, देव गहलौत, बलवीर सिद्ध, लीलाधर स्वामी, मनोज पारीक सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान पूनरासर क्रिकेट समिति की ओर से प्रतियोगिता में सहयोग देने वाले भामाशाहों का सम्मान किया गया। समिति के सदस्य लाल नाथ, सांवर नाथ एवं करण गहलोत ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने भाग लिया। तीन दिनों तक चले टूर्नामेंट में खिलाड़ियों सहित गांव के युवाओं व खेलप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।







