August 24, 2026
WhatsApp Image 2026-08-23 at 15.59.19

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अगस्त 2026। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में मजदूरी के लिए कोटा से आए हुए एक बंजारे के डेरे में शनिवार को जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक युवक का सर फूट गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटा के पिपलादा निवासी गीता बाई पत्नी विजयसिंह बंजारा ओवरब्रिज के पास अपना डेरा बना कर अपनी बेटी एवं बेटे के साथ रहती है। झालावाड़ के सांगोद निवासी राकेश एवं मोतीराम ने शनिवार रात को उसके डेरे में घुस कर उसकी बेटी को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध किया तो दोनो आरोपियों ने महिला गीता बाई एवं उसके बेटे विनोद के साथ लाठियों से मारपीट की। इससे विनोद का सर फूट गया एवं उसे श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय लेकर आए जहां पर 22 टांके लगाने के बाद उसे बीकानेर रैफर कर दिया गया। आरोपियों ने उसकी बेटी संतोष को जबरन अपने साथ लेकर जाने का प्रयास किया व घसीटा लेकिन किसी तरह से उसे छुडवा कर बचाया।  परिवादिया ने पुलिस को बताया कि आरोपी राकेश करीब 10 दिन पहले भी उसकी बेटी को अपने साथ भगा ले गया था एवं उस मामले में पुलिस द्वारा उसकी पुत्री को दस्तेयाब करने के बाद पुत्री को वापस अपने घर रख कर आपसी राजीनामा कर लिया गया था। लेकिन आरोपी शनिवार रात को फिर से उसकी पुत्री को ले जाने के लिए उसके घर में घुस गए एवं विरोध करने पर मारपीट कर उसके बेटे का सर फोड दिया। परिवादिया ने पुलिस में लिखित रिपोर्ट देकर दोनो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मामले की जांच एएसआई गजेन्द्र सिंह को दी गई है।