




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अगस्त 2026। शहर के 13 विद्यालयों में अध्ययनरत 69 विद्यार्थियों को महाप्रज्ञ जन कल्याण केंद्र की ओर से छात्रवृत्ति वितरित की गई। केंद्र के मंत्री पन्नालाल पुगलिया ने बताया कि प्रति वर्ष संस्था की ओर से विद्यालय संचालकों को विद्यार्थियों की उपस्थिति में विभिन्न स्कूलों में पढ़ रहें चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती है। केंद्र द्वारा 10 वर्षों से ये सेवा की जा रही है, जिसमें जरूरतमंद बच्चे पढ़लिख कर आगे बढ़ सके ऐसा प्रयास किया जा रहा है। अध्यक्ष बजरंगलाल सेठिया ने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को शिक्षा पर ध्यान केंद्रीत कर छात्रवृत्ति का सदुपयोग करने की प्रेरणा दी। केंद्र के कोषाध्यक्ष फूसराज पुगलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र ने 6 लाख 49 हजार 700 रूपए की राशि चैक के माध्यम से संबंधित स्कूलों को सौंप दी है। समारोह में विशेष आमंत्रित अतिथि नागरिक विकास परिषद अध्यक्ष तुलसीराम चोरड़िया ने इसे केंद्र का सराहनीय व प्रेरणीय कदम बताया जिससे समाज के अनेक विद्यार्थियों को शिक्षा दान मिल रहा है। ट्रस्टी अंजू पारख, भंवरलाल दुगड़, पवन बरड़िया भी मंचासीन रहें। ट्रस्ट सदस्यों ने छात्रवृत्ति कोष में वृद्धि कर अधिकतम बच्चों को लाभान्वित किए जाने की योजना का प्रस्ताव रखा। कार्यक्रम में विजयराज सेवग, संस्कार इनोवेटिव पब्लिक स्कूल के निदेशक मनोज गुंसाई, शिव उमावि से रमेश व्यास, बाल निकेतन मावि से राजीव श्रीवास्तव सहित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी शामिल रहें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रिद्धकरण लूणियां ने सभी का आभार जताया।





