




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2026। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ, जिला बीकानेर के आह्वान पर मंगलवार को ग्राम विकास अधिकारी संघ की श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक कार्यकारिणी ने ब्लॉक अध्यक्ष सुदर्शन महिया के अगुवाई में पंचायत समिति में सहायक विकास अधिकारी रामदयाल जाखड़ को ज्ञापन सौंपा। संघ ने उच्च न्यायालय के आदेशों की समयबद्ध पालना नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारियों के स्थानांतरण आदि मामलों में उच्च न्यायालय द्वारा पारित स्थगन एवं अपास्त आदेशों की पालना ब्लॉक स्तर पर अभी तक नहीं की जा रही है। संघ का कहना है कि राज्य सरकार के विधि एवं विधिक कार्य विभाग द्वारा 19 मई 2026 को जारी परिपत्र में न्यायिक आदेशों की पालना को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद आदेशों की पालना में देरी की जा रही है।
पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में 31 जुलाई को मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद बीकानेर को भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि न्यायिक आदेशों की शीघ्र पालना नहीं की गई तो पूर्व घोषित चरणबद्ध आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
24 अगस्त को जिला परिषद घेराव की चेतावनी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संघ द्वारा आंदोलन के तहत विभिन्न चरण निर्धारित किए गए हैं। 17 अगस्त को सभी ब्लॉकों में संबंधित विकास अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के बाद 18 अगस्त को जिला स्तर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला कलेक्टर एवं संभागीय आयुक्त को ज्ञापन देने का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद 20 अगस्त को पंचायत समिति के राजकीय व्हाट्सएप ग्रुपों से लेफ्ट होने, 21 अगस्त को व्यक्तिगत योजनाओं को छोड़कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के कार्यों के बहिष्कार तथा 24 अगस्त को जिला परिषद के घेराव का कार्यक्रम घोषित किया गया है। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सुदर्शन महिया के साथ मनोज सिसोदिया, अशोक डांगी, नन्दलाल सिंह, नवल सिंह, सुमित्रा जाट, मानसी शर्मा, हरिप्रसाद, गिरधारी बाना, रामसिंह, सुभाष बुरड़क सहित अनेक ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।





